रबीना त्यागी ने संभाला बाराबंकी एसपी का कार्यभार, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर रहेगा जोर

रबीना त्यागी ने संभाला बाराबंकी एसपी का कार्यभार, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर रहेगा जोर

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब बाराबंकी जिले को नया पुलिस नेतृत्व मिल गया है। 2014 बैच की तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी रबीना त्यागी ने आधिकारिक तौर पर बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में अपना पदभार संभाल लिया है। रबीना त्यागी की नियुक्ति उन 20 से 25 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादलों का हिस्सा है, जिन्हें हाल ही में सरकार ने नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

रबीना त्यागी इससे पहले लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी के तौर पर तैनात थीं। मूल रूप से गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) की रहने वाली रबीना त्यागी अपनी कार्यशैली और सक्रिय पुलिसिंग के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कानपुर और लखनऊ जैसे बड़े शहरों में डीसीपी ट्रैफिक के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं, जहां उन्होंने ट्रैफिक मैनेजमेंट और सड़कों पर महिलाओं के साथ होने वाली छेड़खानी जैसी समस्याओं के खिलाफ कड़े कदम उठाए। उनकी इसी काबिलियत के कारण उन्हें सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम श्रेणियों में डीजी कमेंडेशन मेडल से भी सम्मानित किया जा चुका है।

चुनाव और त्योहारों के बीच बड़ी चुनौती

बाराबंकी जिले की कमान संभालने वाली रबीना त्यागी यहाँ की दूसरी महिला एसपी हैं; उनसे पहले शची घिल्डियाल ने इस पद की जिम्मेदारी निभाई थी। उनके सामने अब सबसे बड़ी चुनौती आगामी चुनाव वर्ष और त्योहारों के सीजन के दौरान जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की है।

पदभार संभालने के बाद उनकी प्राथमिकताओं में प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करना और विशेष रूप से महिला सुरक्षा के उपायों को और अधिक प्रभावी बनाना शामिल है। निजी जीवन की बात करें तो रबीना त्यागी का विवाह आईआरएस अधिकारी गौरव गर्ग से हुआ है।

वहीं, बाराबंकी के निवर्तमान एसपी अर्पित विजयवर्गीय का तबादला लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में कर दिया गया है, जहाँ वे अब डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।

Share:

Comments

Leave a comment