रामपुर: 5 साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या, 12 साल का लड़का हिरासत में
रामपुर के शाहबाद में 5 साल की बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक 12 साल के लड़के को हिरासत में लिया है।
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां शाहबाद इलाके में एक 5 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बुधवार को लापता हुई इस बच्ची का शव गुरुवार सुबह लखी बाग के जंगली इलाके में अर्धनग्न अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी जान ले ली गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में एक 12 साल के लड़के को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी लड़का बच्ची का रिश्तेदार है। पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने मासूम को लॉलीपॉप दिलाने का लालच देकर घर से दूर बुलाया था, जिसके बाद उसने इस घिनौने अपराध को अंजाम दिया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने बच्ची का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
CCTV फुटेज और डॉग स्क्वॉड की मदद से पकड़ा गया आरोपी
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अनुराग सिंह और स्थानीय क्षेत्राधिकारी (CO) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, जिससे आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली।
घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया था। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और दुष्कर्म की पुष्टि हो पाएगी, हालांकि प्राथमिक साक्ष्य बेहद चौंकाने वाले हैं।