संविधान लोकतंत्र की आत्मा, इसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य: रामपाल सिंह यादव
लखीमपुर खीरी में सपा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव ने कहा कि संविधान की रक्षा करना हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।

लखीमपुर खीरी के लोहिया भवन में 'संविधान संरक्षण दिवस' के अवसर पर आयोजित एक सेमिनार में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव ने देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए। उन्होंने जोर देकर कहा कि संविधान संरक्षण दिवस लखीमपुर खीरी के कार्यकर्ताओं के लिए केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश की एकता, समानता और न्याय की बुनियाद को बचाने का संकल्प है।
रामपाल सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान महज कानूनों की कोई किताब नहीं है, बल्कि यह भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने याद दिलाया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा इसे अपनाया गया था और 26 जनवरी 1950 को यह पूरी तरह लागू हुआ। उन्होंने कहा कि संविधान ने जहाँ नागरिकों को मौलिक अधिकार दिए हैं, वहीं उन्हें उनके कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया है।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
सेमिनार के दौरान जिलाध्यक्ष ने केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संविधान की अनदेखी कर रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों को बचाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की शपथ लें ताकि एक न्यायपूर्ण और मजबूत भारत का निर्माण हो सके।
जिला महासचिव अनसार महलोद के संचालन में हुए इस कार्यक्रम में कई दिग्गज नेताओं ने हिस्सा लिया। पूर्व एमएलसी शशांक यादव, पूर्व विधायक रामसरन, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल और मोहम्मद कय्यूम खान सहित भूपेंद्र सिंह वर्मा, रघुवीर सिंह यादव और मिर्जा शेखू ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर उदयभान सिंह यादव, बजरंग सिंघल, हेमंत भार्गव और ज़ेड.ए. उस्मानी समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।