राम मंदिर परिसर में बनेगा गौशाल, रामलला की सेवा के लिए देसी गायों का होगा संरक्षण
अयोध्या के राम मंदिर परिसर में देसी गायों के लिए गौशाल बनाया जा रहा है, जिससे रामलला की सेवा के लिए शुद्ध दूध और घी उपलब्ध होगा।

अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने एक बेहद खास फैसला लिया है। अब श्री राम मंदिर परिसर के भीतर ही एक 'गौशाल' (गोशदन) की स्थापना की जा रही है, जहाँ भारतीय मूल की देसी गायों की देखभाल और संरक्षण किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य न केवल गौ-सेवा है, बल्कि रामलला की दैनिक पूजा-अर्चना के लिए शुद्धतम सामग्री उपलब्ध कराना भी है।
मंदिर परिसर में 'राम निवास' के पास इस गौशाल का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। यहाँ पशुओं की देखभाल के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। शुरुआती तौर पर यहाँ 8 से 10 देसी गायों को रखा जाएगा, लेकिन भविष्य में जरूरत के हिसाब से इसकी क्षमता बढ़ाई जा सकती है। सनातन परंपरा में गौमाता की उपस्थिति को अत्यंत शुभ माना जाता है, इसीलिए मंदिर परिसर में उनका वास सुनिश्चित किया जा रहा है।
रामलला की सेवा में काम आएगा शुद्ध दूध और घी
इस गौशाल की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि यहाँ केवल स्वदेशी नस्ल की गायों का ही पालन-पोषण किया जाएगा। इन गायों से प्राप्त होने वाले शुद्ध दूध, दही और घी का उपयोग सीधे मंदिर परिसर में रामलला की दैनिक सेवा, अभिषेक, पूजा और भोग-प्रसाद के लिए किया जाएगा। इससे मंदिर की परंपराओं में शुद्धता और पवित्रता और अधिक बढ़ेगी।
इस महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत के अवसर पर मंगलवार दोपहर मंदिर परिसर के यज्ञशाला में एक विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। आचार्य इंद्रदेव मिश्रा के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रतीकात्मक 'गो पूजन' संपन्न हुआ। इस मौके पर ट्रस्टी स्वामी दिनेन्द्र दास जी महाराज, सीईओ एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा (रिटायर्ड), सचिव जगदीश अफले और मुख्य पुजारी केशव शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।