गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर लखनऊ के यहियागंज गुरुद्वारे पहुंचे राजनाथ सिंह, टेका मत्था
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर लखनऊ के यहियागंज गुरुद्वारे में दर्शन किए और मानवता का संदेश दिया।

सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को लखनऊ के यहियागंज गुरुद्वारे पहुंचे। यहां उन्होंने मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और इस पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। रक्षा मंत्री ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए बताया कि गुरु नानक देव जी ने एक ऐसे समाज की कल्पना की थी जहां जाति, सामाजिक ऊंच-नीच और भेदभाव के लिए कोई जगह न हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि गुरु जी का विजन एक ऐसा समाज बनाना था जहां हर व्यक्ति को समान सम्मान और गरिमा मिले।
मानवता और सेवा का संदेश
रक्षा मंत्री ने 'इक ओंकार' के संदेश और गुरु जी के तीन मुख्य सिद्धांतों—ईश्वर का नाम जपना, ईमानदारी से कमाई करना और जरूरतमंदों की मदद करना—पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सेवा, करुणा, दान और भाईचारे का मार्ग हमें गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं से ही मिलता है।
इस खास मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गुरु नानक देव जी द्वारा महिलाओं के सम्मान, सामाजिक सद्भाव और लंगर जैसी परंपराओं के जरिए सेवा की मिसाल पेश करने की सराहना की। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इस अवसर पर बधाई देते हुए लोगों से गुरु साहब की शिक्षाओं को जीवन में उतारने और एक समृद्ध समाज बनाने का आह्वान किया।
बता दें कि गुरु नानक जयंती, जिसे गुरपुरब के रूप में मनाया जाता है, कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है। इस अवसर पर अमृतसर के स्वर्ण मंदिर सहित देशभर के गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने प्रार्थना और सेवा के जरिए इस उत्सव को मनाया।