'पीएम मोदी ने 25 साल में नहीं ली एक भी छुट्टी', गाजियाबाद में राजनाथ सिंह ने की तारीफ

'पीएम मोदी ने 25 साल में नहीं ली एक भी छुट्टी', गाजियाबाद में राजनाथ सिंह ने की तारीफ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गाजियाबाद में 'सेवा संकल्प अभियान' के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्य करने के अंदाज और उनके समर्पण की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने राजनीति की परिभाषा बदल दी है और इसे केवल सरकार बनाने का जरिया न मानकर राष्ट्र निर्माण के एक मिशन के रूप में अपनाया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री के अनुशासन और मेहनत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में शायद ही ऐसा कोई प्रधानमंत्री होगा जिसने साल में एक भी दिन की छुट्टी न ली हो। राजनाथ सिंह ने जोर देकर कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के अपने 25 साल के सफर में मोदी जी ने एक भी दिन का अवकाश नहीं लिया है।

विकसित भारत और अर्थव्यवस्था पर जोर

देश की आर्थिक प्रगति पर चर्चा करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की टॉप 5 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि यदि पश्चिम एशिया का संकट न होता, तो भारत अर्थव्यवस्था के मामले में दुनिया के शीर्ष तीन देशों में होता। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भारत की अर्थव्यवस्था 7.4 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है और सरकार का लक्ष्य 2047 तक भारत को एक 'विकसित राष्ट्र' बनाना है।

वहीं, विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल चुनावी लाभ के लिए गैर-मुद्दों को मुद्दा बना रहा है और जनता के बीच भ्रम फैलाने के लिए सड़कों पर उतर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए के पास अपनी गलतियों को स्वीकार करने का नैतिक साहस है, जबकि विपक्ष इस भ्रम में है कि अगर झूठ को सौ बार दोहराया जाए तो लोग उसे सच मान लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि किसान आर्थिक रूप से कमजोर हो सकता है, लेकिन वह राजनीतिक रूप से कभी कमजोर नहीं होता।

Share:

Comments

Leave a comment