लखनऊ: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को करेंगे 'संस्कृति भवन' का उद्घाटन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को लखनऊ के सुल्तानपुर रोड स्थित 'संस्कृति भवन' का उद्घाटन करेंगे। जानें उनके दौरे का पूरा शेड्यूल।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए शुक्रवार का दिन खास होने वाला है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शहर के सुल्तानपुर रोड स्थित गुलजार उपवन में नवनिर्मित संस्कृति भवन लखनऊ उद्घाटन के लिए पहुंच रहे हैं। इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन अलर्ट पर है।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, रक्षा मंत्री शुक्रवार सुबह 11 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सड़क मार्ग के जरिए सीधे गुलजार उपवन के लिए रवाना होंगे और करीब 11:25 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाएंगे। उद्घाटन समारोह सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा, जिसमें राजनाथ सिंह औपचारिक रूप से इस भव्य भवन का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोपहर 1:05 बजे वे वापस एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे।
सुरक्षा और तकनीक पर रक्षा मंत्री का जोर
लखनऊ दौरे से पहले, राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में वायु सेना कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए देश की सुरक्षा तैयारियों पर महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने सशस्त्र बलों को अपनी आक्रामक और रक्षात्मक क्षमताओं को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि आधुनिक युद्ध कौशल और तेजी से बदलती तकनीक के दौर में 'सरप्राइज एलिमेंट' (आश्चर्य तत्व) को बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में ऐसी क्षमताएं विकसित होनी चाहिए जिससे दुश्मन को संभलने या प्रतिक्रिया देने का मौका न मिले, और साथ ही हम किसी भी अप्रत्याशित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
उन्होंने खुफिया तंत्र और निगरानी प्रणालियों को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता जताई ताकि संभावित खतरों को समय रहते पहचाना जा सके। राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि इलेक्ट्रॉनिक और पारंपरिक, दोनों स्तरों पर सतर्कता और तैयारी ही देश की सुरक्षा की गारंटी है।