लखनऊ: "असफलता कोई कमी नहीं, बल्कि सीखने का हिस्सा है", बीबीडीयू दीक्षांत समारोह में बोले राजनाथ सिंह
लखनऊ के बीबीडीयू दीक्षांत समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने छात्रों को असफलता से न डरने और चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा दी।

लखनऊ के बाबू बनारसी दास यूनिवर्सिटी (BBDU) के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्नातक होने वाले छात्रों को जीवन का एक बेहद अहम सबक सिखाया। उन्होंने युवाओं से कहा कि जीवन में आने वाली असफलताओं से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि उन्हें सफलता की राह का एक हिस्सा मानना चाहिए। राजनाथ सिंह ने जोर देकर कहा कि इंसान की परिस्थितियां उसका भविष्य तय नहीं करतीं, बल्कि उसकी मेहनत और कोशिशें तय करती हैं कि वह जीवन में कहां पहुंचेगा।
छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए रक्षा मंत्री ने कंप्यूटर और आईटी की दुनिया का उदाहरण दिया। उन्होंने बड़े दिलचस्प अंदाज में कहा, "जैसे आईटी की दुनिया में कहा जाता है, फेल्योर एक फीचर है, बग नहीं।" उनका मतलब था कि असफलता कोई तकनीकी खराबी या गलती नहीं है, बल्कि यह सीखने की प्रक्रिया का एक अनिवार्य हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह छात्र शिक्षा पाने के लिए फीस देते हैं, उसी तरह जीवन में आगे बढ़ने और सीखने के लिए असफलताओं की कीमत चुकानी पड़ती है।
स्वामी विवेकानंद और एडिसन के उदाहरणों से दिया हौसला
राजनाथ सिंह ने छात्रों को प्रेरित करने के लिए थॉमस अल्वा एडिसन और स्वामी विवेकानंद के जीवन के किस्से सुनाए। उन्होंने बताया कि एडिसन बचपन में पढ़ाई में बहुत अच्छे नहीं थे और उन्हें सुनने में भी समस्या थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और ऐसे आविष्कार किए जिन्होंने दुनिया बदल दी। वहीं, स्वामी विवेकानंद का जिक्र करते हुए उन्होंने वाराणसी की एक घटना सुनाई, जब बंदरों के झुंड ने उनका पीछा किया था। विवेकानंद डरकर भागे नहीं, बल्कि पलटकर बंदरों का सामना किया, जिससे बंदर डरकर भाग गए। इस कहानी के जरिए उन्होंने संदेश दिया कि चुनौतियों से भागने के बजाय उनका डटकर सामना करना चाहिए।
रक्षा मंत्री ने छात्रों को आगाह किया कि यूनिवर्सिटी की डिग्री के साथ एक तय सिलेबस और तय जवाबों का दौर खत्म हो गया है। अब वे जिस प्रोफेशनल दुनिया में कदम रख रहे हैं, वहां कोई तय सिलेबस नहीं होगा और हर दिन नई चुनौतियां सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि इससे डरने की जरूरत नहीं है, बस खुद पर भरोसा रखें और शांत रहें। उन्होंने एक कहानी के जरिए समझाया कि जैसे असली हीरा धूप में भी ठंडा रहता है और कांच गर्म हो जाता है, वैसे ही मुश्किल समय में भी खुद को शांत रखना चाहिए और हताश नहीं होना चाहिए।
अंत में, उन्होंने युवाओं के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम, नेशनल रिसर्च फाउंडेशन और 'मेक इन इंडिया' का जिक्र किया। लखनऊ के सांसद के रूप में उन्होंने बताया कि शहर में डीआरडीओ (DRDO) लैब की स्थापना और ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण जैसे बड़े डिफेंस प्रोजेक्ट्स लाए गए हैं, ताकि स्थानीय युवाओं को शोध और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।