डिग्री नहीं हुनर है आपकी असली पहचान, लखनऊ में छात्रों को राजनाथ सिंह ने दिया सफलता का मंत्र
लखनऊ के BBDU दीक्षांत समारोह में राजनाथ सिंह ने छात्रों को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि डिग्री सिर्फ पहला मौका देती है, पहचान हुनर से बनती है।

लखनऊ के बाबू बनारसी दास यूनिवर्सिटी (BBDU) के दीक्षांत समारोह में पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्नातक और स्नातकोत्तर हो रहे छात्रों को जीवन का एक बड़ा सबक सिखाया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आपकी डिग्री आपकी पहचान नहीं है। डिग्री आपको करियर का पहला मौका तो दिला सकती है, लेकिन भविष्य में आपकी असली पहचान आपके कौशल (स्किल्स), पेशेवर क्षमता और सीखने की ललक से ही बनेगी।
छात्रों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने जोर देकर कहा कि किसी एक विषय की डिग्री आपको केवल उस क्षेत्र तक सीमित नहीं करती। उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया कि वे अपनी रुचियों को पहचानें और उसी के आधार पर अपने करियर का चुनाव करें। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग अपनी कमियों के बारे में ज्यादा सोचने लगते हैं, जिससे उनके विकास में बाधा आती है, लेकिन दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति से किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है।
सत्यजीत रे और वर्गीज कुरियन का दिया उदाहरण
राजनाथ सिंह ने अपनी बात को पुख्ता करने के लिए दिग्गज हस्तियों के उदाहरण दिए। उन्होंने बताया कि महान फिल्म निर्माता सत्यजीत रे ने अर्थशास्त्र की पढ़ाई की थी और श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग पढ़ी थी, लेकिन उन्होंने अपने करियर की राह अपनी रुचि के अनुसार चुनी। उन्होंने छात्रों से कहा, "मेरे बच्चों, अपने जीवन में नए रास्ते बनाने से कभी न डरें।"
अपने निजी जीवन का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वे एक साधारण ग्रामीण परिवार से आते हैं। शुरुआत में वे प्रोफेसर बनना चाहते थे और एमएससी के बाद शिक्षक के रूप में काम भी किया, लेकिन बाद में वे राजनीति में आए और आज देश की सीमाओं की रक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने आधुनिक दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि AI ने मुश्किल विषयों को समझना और रिसर्च करना आसान कर दिया है, जिससे घंटों का काम मिनटों में हो रहा है। साथ ही, उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि देश तभी विकसित बन सकता है जब उसकी सीमाएं सुरक्षित हों। अंत में उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि चूंकि एक इंसान अपने जीवन के करीब 80,000 घंटे काम करने में बिताता है, इसलिए ऐसा पेशा चुनें जिसमें उन्हें खुशी और संतुष्टि मिले।