पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर राहुल गांधी के काफिले में हादसा, बाल-बाल बचे कांग्रेस नेता

सुल्तानपुर में राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, कांग्रेस नेता सुरक्षित लेकिन कुछ कार्यकर्ता घायल।

Sushant Singh26 October 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर राहुल गांधी के काफिले में हादसा, बाल-बाल बचे कांग्रेस नेता

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सड़क हादसा का शिकार होते-होते बचे, जब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। यह घटना उस समय हुई जब राहुल गांधी सुल्तानपुर कोर्ट में अपनी एक पेशी के लिए जा रहे थे।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा हलियापुर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि काफिले में अचानक ब्रेक लगने की वजह से पीछे आ रही गाड़ियां अनियंत्रित हो गईं, जिससे एक के बाद एक कई वाहन आपस में भिड़ गए। इस टक्कर में काफिले की चार कारों के साथ-साथ एक एम्बुलेंस भी शामिल थी। गनीमत यह रही कि जिस गाड़ी में राहुल गांधी सवार थे, उन्हें कोई चोट नहीं आई और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, इस हादसे में काफिले में मौजूद कुछ सुरक्षाकर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आई हैं।

कोर्ट की पेशी के लिए जा रहे थे राहुल गांधी

हादसे की खबर मिलते ही हलियापुर पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत यातायात को नियंत्रित किया और घायल कार्यकर्ताओं को प्राथमिक उपचार मुहैया कराया। इस घटना के बाद राहुल गांधी ने अपनी यात्रा जारी रखी और वे सुल्तानपुर कोर्ट पहुंचे।

बता दें कि राहुल गांधी सुल्तानपुर कोर्ट में साल 2018 के एक आपराधिक मानहानि मामले की सुनवाई के लिए पेश हो रहे थे। यह मामला कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान अमित शाह के बारे में की गई उनकी टिप्पणियों से जुड़ा है, जिसमें आईपीसी की धारा 499 और 500 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में सांसद-विधायक मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।

Share:

Comments

Leave a comment