राहुल गांधी के मानहानि केस से बरी होने पर अमेठी में जश्न, कार्यकर्ताओं ने बांटे लड्डू
अमेठी में राहुल गांधी के मानहानि केस से बरी होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटे और जश्न मनाया। जानें क्या था पूरा मामला।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए सोमवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें साल 2018 के एक मानहानि मामले में बरी कर दिया है। इस फैसले की खबर मिलते ही अमेठी में कांग्रेस समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने इसे सत्य की जीत करार दिया।
अमेठी के संग्रामपुर ब्लॉक मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। यहां राहुल गांधी की जीत का जश्न मनाया गया और जमकर मिठाइयां बांटी गईं। संग्रामपुर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश मिश्रा और युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव शिवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की।
क्या था पूरा मामला?
यह कानूनी विवाद साल 2018 में शुरू हुआ था, जब राहुल गांधी ने बेंगलुरु में एक जनसभा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कुछ टिप्पणियां की थीं। इस बयान से नाराज होकर भाजपा नेता विजय मिश्रा ने मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। करीब आठ साल तक चली कानूनी प्रक्रिया और जिरह के बाद, सोमवार 26 अक्टूबर 2026 को अदालत ने अपना फैसला सुनाते हुए राहुल गांधी को दोषमुक्त कर दिया।
ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह जीत भाजपा के अन्याय के खिलाफ सच्चाई की जीत है। उन्होंने दावा किया कि इस न्यायिक फैसले से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मनोबल में भारी बढ़ोतरी हुई है और पार्टी अब नए उत्साह के साथ आगे बढ़ेगी।