रायबरेली में पंचायत चुनाव की हलचल तेज, 21 लाख से ज्यादा वोटर करेंगे मतदान

उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में पंचायत चुनावों को लेकर माहौल पूरी तरह गरमा गया है। हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद चुनावी प्रक्रिया ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है, जिससे गांव-गांव में चर्चाएं तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन और जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय) पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और चुनाव कराने की तैयारियों में जुट गया है।
पिछले करीब एक साल से चुनाव की तैयारी चल रही है। प्रशासन ने नए बैलेट बॉक्स, मतपत्र और नामांकन फॉर्म जैसे जरूरी चुनावी सामानों का इंतजाम पहले ही कर लिया है। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 10 जून 2026 को पंचायत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है, जिससे अब चुनाव की राह साफ हो गई है।
वोटरों की संख्या और मतदान केंद्रों का गणित
इस बार रायबरेली जिले में कुल 21,04,436 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आंकड़ों पर नजर डालें तो इसमें पुरुषों की संख्या 10,80,792 और महिलाओं की संख्या 10,11,655 है। हालांकि, 2021 की तुलना में इस बार कुल मतदाताओं की संख्या में 40,506 की कमी दर्ज की गई है।
चुनाव को निष्पक्ष और सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं:
- कुल 1,465 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
- इन केंद्रों पर कुल 3,569 मतदान बूथ स्थापित किए गए हैं।
- सबसे अधिक मतदान बूथ सलोन ब्लॉक में बनाए गए हैं।
- इस बार 980 ग्राम पंचायतों में चुनाव होने जाएंगे।
बता दें कि 2021 में 988 ग्राम पंचायतें थीं, लेकिन शिवगढ़ की आठ पंचायतों के नगर पंचायत में विलय होने के कारण अब इनकी संख्या घटकर 980 रह गई है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय) विनय कुमार शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि अंतिम मतदाता सूची जारी होने और बूथों के निर्धारण के बाद विभाग पूरी तरह तैयार है और उच्च अधिकारियों के अगले निर्देशों का पालन किया जाएगा।