रायबरेली में दिवाली की धूम: आसमान में गूंजे पटाखे, 5 करोड़ रुपये की हुई बिक्री
रायबरेली में दिवाली की धूम रही, जहां लोगों ने जमकर पटाखे फोड़े। जिले में करीब 5 करोड़ रुपये के पटाखों की बिक्री दर्ज की गई है।

रायबरेली में इस साल दिवाली का त्यौहार बेहद उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। शहर से लेकर गांव तक, हर तरफ रोशनी की चकाचौंध और पटाखों का शोर सुनाई दिया। लोगों ने सुख-समृद्धि की कामना के साथ पूजा-अर्चना की और फिर देर रात तक आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। इस बार बाजार में पटाखों की मांग इतनी ज्यादा थी कि बिक्री के आंकड़े चौंकाने वाले रहे हैं।
बाजार के रुझानों और बिक्री के आंकड़ों पर नजर डालें तो अनुमान है कि रायबरेली जिले में इस दिवाली लगभग 5 करोड़ रुपये के पटाखों की बिक्री हुई है। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने बताया कि इस साल बाजार का प्रदर्शन शानदार रहा और ग्राहकों ने विशेष रूप से ब्रांडेड पटाखों को ज्यादा प्राथमिकता दी।
बच्चों से लेकर युवाओं तक, इन पटाखों का रहा क्रेज
त्यौहार के दौरान अलग-अलग उम्र के लोगों की पसंद भी अलग नजर आई। जहां छोटे बच्चों ने फुलझड़ियों और अनार के साथ अपनी दिवाली मनाई, वहीं युवाओं के बीच रॉकेट, पैराशूट और 'पॉप-पॉप' पटाखों का जबरदस्त क्रेज देखा गया। सबसे ज्यादा आकर्षण 'स्काई शॉट्स' का रहा, जिन्होंने अपनी ऊंचाई और रंगीन रोशनी से पूरे आसमान को जगमगा दिया।
ग्रामीण इलाकों में भी इस बार दिवाली की रौनक देखते ही बन रही थी, जहां परिवारों ने एकजुट होकर आतिशबाजी का आनंद लिया और इस रोशनी के पर्व को यादगार बनाया।