रायबरेली में नहाय-खाए के साथ छठ महापर्व का आगाज, सई नदी के घाटों पर उमड़ी भीड़
रायबरेली में नहाय-खाए के साथ छठ महापर्व शुरू हो गया है। सई नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और प्रशासन के पुख्ता इंतजाम।

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में लोक आस्था के महान पर्व छठ की शुरुआत हो गई है। 'नहाय-खाए' की रस्म के साथ ही पूरे जनपद में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। सई नदी के घाटों पर व्रती परिवारों ने पहुंचना शुरू कर दिया है, जहां पारंपरिक तरीके से वेदियां बनाई जा रही हैं। इस महापर्व को लेकर बाजारों में जबरदस्त रौनक है और लोग सूप, दौरी, नारियल, सुफनी व सिंघाड़े जैसी पूजन सामग्रियों की खरीदारी में जुटे हुए हैं।
चार दशकों में बदला नजारा: 100 से हजारों तक पहुंचा आंकड़ा
समय के साथ रायबरेली में छठ पूजा मनाने वालों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। इंदिरा नगर के निवासी डीपी सिंह और उनकी पत्नी किरन सिंह ने पुरानी यादें ताजा करते हुए बताया कि जब वे 1984 में यहां आए थे, तब राजघाट पर केवल 100 से 150 लोग ही पूजा करने आते थे। उस दौर में न तो लाइट की व्यवस्था थी और न ही प्रशासन का कोई सहयोग मिलता था। लोग धोबियों के बीच नदी किनारे खुद ही सफाई कर बेदी बनाते थे, लेकिन आज नजारा बिल्कुल अलग है और यहां हजारों की भीड़ उमड़ती है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने खुद सई नदी के राजघाट और शहीद स्मारक घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर भूमि समतलीकरण, बैरिकेडिंग, रोशनी, पेयजल और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा और सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है ताकि लोग सुगमता के साथ अपने आस्था के पर्व को मना सकें।