बरेली कोर्ट से कैदी फरार, लापरवाही बरतने वाले 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड
बरेली कोर्ट से कैदी सचिन सिंह ठाकुर के फरार होने पर SSP ने 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। मामला अब कोर्ट पुलिस पोस्ट की शिकायत के बाद दर्ज हुआ।

उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां कोर्ट परिसर से एक कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस गंभीर चूक के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने सख्त रुख अपनाते हुए ड्यूटी पर तैनात आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पूरी घटना 21 अक्टूबर की दोपहर करीब 1:45 बजे की है। सुभाषनगर के बंशीनगला निवासी कैदी सचिन सिंह ठाकुर को एडीजे कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। जब कैदियों को सुनवाई के लिए ले जाया जा रहा था, तभी सचिन पुलिस की गिरफ्त से बाहर निकलने में कामयाब रहा। हैरानी की बात यह है कि पुलिस को इस बात की भनक तक नहीं लगी और जनरल डायरी (जीडी) में भी सभी छह कैदियों की वापसी दर्ज कर दी गई।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, दर्ज हुआ मुकदमा
इस घटना का खुलासा अगले दिन 22 अक्टूबर को हुआ, जब कोर्ट पुलिस पोस्ट के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर सरोज कुमार ने लॉकअप का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि पेशी के लिए गए छह कैदियों में से केवल पांच ही वापस लौटे हैं। जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला, तो उसमें सचिन के फरार होने की पुष्टि हुई।
कोर्ट पुलिस पोस्ट प्रभारी की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस स्टेशन में फरार कैदी सचिन और लापरवाही बरतने वाले आठ पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। इसमें एसओजी, सर्विलांस यूनिट और कोतवाली व सुभाषनगर पुलिस शामिल है, जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।