प्रयागराज में सरकारी फ्लैट खरीदने का सुनहरा मौका, NLMC करेगा 11 आवासीय फ्लैट्स की ई-नीलामी
प्रयागराज में सरकारी आवासीय फ्लैट खरीदने का मौका। NLMC ने 11 फ्लैट्स की ई-नीलामी के लिए निविदा जारी की है, जानें पूरी प्रक्रिया और तारीखें।

अगर आप प्रयागराज में अपना घर तलाश रहे हैं, तो आपके लिए एक शानदार अवसर आया है। नेशनल लैंड मोनेटाइजेशन कॉरपोरेशन (NLMC) ने शहर की तीन प्रमुख हाउसिंग स्कीमों में स्थित 11 सरकारी आवासीय फ्लैटों की ई-नीलामी के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (RFP) जारी किया है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य सरकारी संपत्तियों का सही उपयोग करना और उन्हें पारदर्शी डिजिटल प्रक्रिया के जरिए जरूरतमंद खरीदारों या निवेशकों तक पहुँचाना है।
इन फ्लैट्स की सबसे बड़ी खासियत इनका लोकेशन है। ये सभी यूनिट्स शहर के उन इलाकों में हैं जहाँ स्कूल, अस्पताल और बाजार जैसी बुनियादी सुविधाएं बेहद करीब हैं। नीलामी में शामिल संपत्तियों का विवरण इस प्रकार है:
- जूही हाउसिंग स्कीम (मुइर रोड): यहाँ 5 फ्लैट्स (2 BHK) उपलब्ध हैं, जिनका क्षेत्रफल लगभग 107 से 108 वर्ग मीटर है।
- परिवर्तन हाउसिंग स्कीम (थॉर्नहिल रोड): यहाँ 2 BHK और 3 BHK के कुल 4 फ्लैट्स हैं, जिनका क्षेत्रफल 106 से 139 वर्ग मीटर के बीच है।
- अग्निपथ हाउसिंग स्कीम (टी.बी. सप्रू रोड, सिविल लाइंस): यहाँ 3 BHK के 2 फ्लैट्स उपलब्ध हैं, जिनका क्षेत्रफल करीब 96 और 112 वर्ग मीटर है।
नीलामी की प्रक्रिया और जरूरी तारीखें
पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल रखा गया है ताकि पारदर्शिता बनी रहे। इच्छुक खरीदार और निवेशक ई-नीलामी पोर्टल के माध्यम से अपनी बोली लगा सकते हैं। प्रक्रिया को समझने के लिए 20 नवंबर को सुबह 11:00 बजे एक प्री-बिड मीटिंग रखी गई है, जिसमें तकनीकी दस्तावेजों और भुगतान संबंधी दिशा-निर्देशों पर चर्चा होगी।
बिडर्स के लिए सबसे महत्वपूर्ण तारीख 7 दिसंबर है; इस दिन शाम 5:00 बजे तक रजिस्ट्रेशन और बयाना राशि (EMD) जमा करना अनिवार्य है। इसके बाद, 11 दिसंबर को सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक ऑनलाइन ई-नीलामी आयोजित की जाएगी।
बता दें कि नेशनल लैंड मोनेटाइजेशन कॉरपोरेशन भारत सरकार का एक पूर्ण स्वामित्व वाला उद्यम है, जो वित्त मंत्रालय के सार्वजनिक उद्यम विभाग के तहत काम करता है।