प्रयागराज में देव दीपावली की धूम: 7 लाख दीयों से जगमगाया संगम तट, दिखा अद्भुत नजारा
प्रयागराज के संगम तट पर देव दीपावली के अवसर पर 7 लाख दीये जलाए गए, जिससे पूरा घाट रोशनी से जगमगा उठा। देखें अद्भुत नजारा।

उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगम तट से लेकर वीआईपी किला घाट तक लाखों दीयों की रोशनी से पूरा इलाका नहा उठा। इस भव्य दीपोत्सव में जिला प्रशासन और श्रद्धालुओं ने मिलकर करीब 7 लाख दीये प्रज्वलित किए, जिससे पूरी त्रिवेणी रोशनी से सराबोर हो गई।
घाटों की खूबसूरती देखते ही बन रही थी। दीपों के जरिए घाटों पर स्वास्तिक, 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' जैसी भव्य आकृतियां उकेरी गई थीं। जैसे ही शाम ढली और दीये जलाए गए, ऐसा प्रतीत हुआ मानो आसमान के सारे सितारे धरती पर उतर आए हों।
वैदिक मंत्रोच्चारण और शंखनाद से गूंजा संगम
इस पावन अवसर पर केवल रोशनी ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा का भी संगम दिखा। वैदिक मंत्रोच्चारण और शंखनाद की गूंज के बीच मां गंगा की भव्य आरती और पूजा-अर्चना की गई। इस अलौकिक दृश्य का साक्षी बनने के लिए देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचे। त्रिवेणी की लहरों और दीपों की जगमगाहट ने इस आयोजन को यादगार बना दिया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और दिव्य हो गया।