प्रयागराज में जमीन के नीचे दबे मिले करोड़ों रुपये, दो भाई हिरासत में
प्रयागराज के बरायपुर गांव में जमीन के नीचे गाड़े गए ड्रमों से करोड़ों रुपये मिले हैं। पुलिस ने दो भाइयों को हिरासत में लिया है।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने जमीन के नीचे गाड़े गए ड्रमों से भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। यह पूरी कार्रवाई नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरायपुर गांव में हुई, जहां पुलिस ने करीब पांच मीटर गहरी खुदाई के बाद तीन नीले प्लास्टिक के ड्रम निकाले। इन ड्रमों में 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां कपड़े और पॉलिथीन में लिपटी हुई थीं, ताकि नमी से पैसे खराब न हों।
पुलिस की यह छापेमारी बुधवार रात को हुई, जिसमें करीब साढ़े चार घंटे तक खुदाई चली। डीसीपी गंगापार सोनम कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां 'काला धन' छिपाकर रखा गया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक बरामद राशि 5 करोड़ रुपये से अधिक है, हालांकि कुछ चर्चाएं इसे 60 करोड़ रुपये तक बताया जा रही हैं। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी एसीपी सोरौन श्यामजी और एसीपी फूलपुर राजकुमार सिंह ने की।
लग्जरी लाइफस्टाइल ने खोला राज
पुलिस ने इस मामले में राकेश यादव उर्फ महाकाल और उसके भाई राजेश यादव को हिरासत में ले लिया है और उनके घर को सील कर दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक, राकेश यादव पहले पुणे में एक बुलियन मर्चेंट (सोने-चांदी के व्यापारी) के पास काम करता था और 2020 के लॉकडाउन के दौरान गांव लौटा था। गांव वालों ने गौर किया कि वापस आने के बाद राकेश की जीवनशैली में अचानक बड़ा बदलाव आया। उसने कम समय में कई बीघा जमीन, ट्रैक्टर, पिकअप ट्रक और डीजे उपकरण खरीद लिए थे, जिससे शक गहरा गया था।
फिलहाल, आयकर विभाग (Income Tax Department) की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और नोट गिनने वाली मशीनों के जरिए सटीक रकम का पता लगाया जा रहा है। बरामद कैश को सुरक्षित रखने के लिए नवाबगंज थाने के स्टोरहाउस में जमा करा दिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और क्या इसका संबंध किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से है।