प्रतापगढ़: भाइयों के विवाद में बीच-बचाव करने आए शख्स की गला घोंटकर हत्या
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में दिवाली की रात दो भाइयों के विवाद को सुलझाने गए व्यक्ति की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में जुटी।

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दिवाली की खुशियां मातम में बदल गईं। महेशगंज थाना क्षेत्र के प्योर धुनू देरवा गांव में दो भाइयों के बीच चल रहे झगड़े को शांत कराने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, दिवाली की रात करीब 9 बजे रोहित पटेल और मोहित पटेल नामक दो भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह बहस हाथापाई में बदल गई। जब शोर सुनकर उनके फूफा अमृतलाल पटेल वहां पहुंचे और दोनों भाइयों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, तो मामला और बिगड़ गया। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर रोहित पटेल ने अमृतलाल पर हमला कर दिया और उनका गला घोंटकर उन्हें मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
अमृतलाल की मौत की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही महेशगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे राजेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रोहित पटेल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी भूपेश नाथ सिंह ने बताया कि मामले की औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जांच कर रही है। गांव में स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।