प्रतापगढ़: पत्नी से अवैध संबंध के शक में बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक में अपने ही छोटे भाई की गला घोंटकर हत्या कर दी।

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पारिवारिक रिश्तों का कत्ल कर दिया गया। शक की आग में जल रहे एक बड़े भाई ने अपने ही 24 वर्षीय छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। यह खौफनाक घटना संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के प्रतापुर गांव की है, जहां शक के चलते एक भाई अपने ही सगे भाई का काल बन गया।
मृतक की पहचान बृजेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले पांच दिनों से लापता था। परिजनों की तलाश के बीच सोमवार शाम करीब 5:30 बजे बृजेंद्र का शव उसके घर से महज 200 मीटर की दूरी पर एक गड्ढे में मिला। शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को तुरंत सूचना दी गई।
गला घोंटकर उतारा मौत पर और गड्ढे में फेंका शव
पुलिस की शुरुआती जांच में जो खुलासा हुआ वह चौंकाने वाला है। बताया जा रहा है कि बड़े भाई को शक था कि बृजेंद्र का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है। इसी रंजिश और शक के चलते उसने एक साजिश रची और खेत में ले जाकर बृजेंद्र का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। सबूत मिटाने और वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को पास के ही एक गड्ढे में फेंक दिया।
इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतक के दोस्त नीरज सिंह को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस जघन्य अपराध के सभी पहलुओं को उजागर किया जा सके और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।