वाराणसी में एयर शो के साथ पीएम मोदी करेंगे यूपी चुनाव अभियान का आगाज

Shubham Singh15 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
वाराणसी में एयर शो के साथ पीएम मोदी करेंगे यूपी चुनाव अभियान का आगाज

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्टूबर के अंत से राज्य में अपने व्यापक चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस अभियान का मुख्य केंद्र वाराणसी होगा, जहां 25 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नमों घाट पर गंगा के ऊपर आयोजित होने वाले एक भव्य वाराणसी एयर शो में शिरकत करेंगे।

यह एयर शो 24 से 26 अक्टूबर तक चलेगा, लेकिन मुख्य कार्यक्रम 25 तारीख को होगा। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद नमों घाट का दौरा कर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया है। मुख्यमंत्री ने इस एयर शो को एक राज्य स्तरीय आयोजन घोषित किया है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और युवाओं से संवाद

हवाई प्रदर्शन के दौरान पक्षियों के टकराने (बर्ड स्ट्राइक) के खतरे को कम करने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। निर्देश जारी किए गए हैं कि आयोजन स्थल के 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में आने वाली सभी मांस, मछली और पोल्ट्री की दुकानें 19 अक्टूबर से बंद रहेंगी।

प्रधानमंत्री का यह दौरा केवल एयर शो तक सीमित नहीं है। वे वाराणसी में करीब 30,000 जेन-जी (Gen-Z) युवाओं के साथ संवाद करेंगे। इस मुलाकात के लिए बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) या संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में से किसी एक जगह को चुना जा सकता है। इसके अलावा, पीएम मोदी मिर्जामुरद में अरविंद मिल्स की एक नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन भी करेंगे।

बीजेपी राज्य के सभी 18 मंडलों में करीब एक दर्जन कार्यक्रमों की योजना बना रही है। हालांकि, एमएलसी चुनाव के कारण लागू आदर्श आचार संहिता की वजह से कैंट-गोदौलिया रोपवे और गंजारी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के उद्घाटन को नवंबर के अंत या दिसंबर तक के लिए टाल दिया गया है।

Share:

Comments

Leave a comment