लखनऊ में पीएम मोदी करेंगे 52 मेधावी ITI प्रशिक्षुओं को सम्मानित, जुटेंगे हजारों लोग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को लखनऊ में 52 मेधावी ITI प्रशिक्षुओं को सम्मानित करेंगे। जानें इस भव्य समारोह की पूरी डिटेल।

Shubham Singh20 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
लखनऊ में पीएम मोदी करेंगे 52 मेधावी ITI प्रशिक्षुओं को सम्मानित, जुटेंगे हजारों लोग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 21 नवंबर को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में आयोजित होने वाले '5वें स्किल कॉन्वोकेशन-2026' में शिरकत करेंगे। इस खास मौके पर पीएम मोदी ऑल इंडिया ट्रेड टेस्ट (AITT) 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर टॉप रैंक हासिल करने वाले 52 मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित करेंगे। शाम 5:30 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में देश भर के हुनरमंद युवाओं के बीच प्रधानमंत्री सर्टिफिकेट वितरित करेंगे।

सम्मानित होने वाले इन 52 प्रशिक्षुओं में 37 उम्मीदवार क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम (CTS) से हैं, जिनमें 18 पुरुष और 19 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, 15 उम्मीदवार क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर ट्रेनिंग स्कीम (CITS) से हैं, जिनमें 7 पुरुष और 8 महिलाएं हैं। खास बात यह है कि उत्तर प्रदेश के 6 प्रशिक्षुओं को भी इस समारोह में सम्मानित किया जाएगा, जिनमें से तीन CITS प्रशिक्षु लखनऊ के अलीगंज स्थित इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (IToT) से हैं।

स्टेज पर मिलेगा सम्मान और जुटेंगे दिग्गज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद स्टेज पर 10 चुनिंदा मेधावी प्रशिक्षुओं को सर्टिफिकेट सौंपेंगे। इस लिस्ट में दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों और चुनौतीपूर्ण ट्रेडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। लखनऊ के अलीगंज IToT से इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक शहबाज खान और नोएडा के NSTI (महिला) से इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी प्रशिक्षु संध्या देवी उन भाग्यशाली युवाओं में शामिल हैं जिन्हें स्टेज पर सम्मान मिलेगा। इनके अलावा तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, ओडिशा और केरल के प्रशिक्षु भी स्टेज पर आएंगे।

इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न डिवीजनों के ITI, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और कानपुर व लखनऊ के NSTIs के कुल 5,650 प्रशिक्षु और स्टाफ सदस्य हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के लिए एक विशाल जर्मन हैंगर बनाया गया है जिसकी क्षमता 5,500 लोगों की है। समारोह के दौरान स्किल कॉन्वोकेशन और PM-SETU पर शॉर्ट फिल्में दिखाई जाएंगी और ड्रोन, रोबोटिक्स व पेंट इंडस्ट्री में काम कर रहे पूर्व प्रशिक्षुओं के अनुभव भी साझा किए जाएंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी के स्वागत भाषण से होगी। इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना संबोधन देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 6:21 से 6:40 के बीच अपना मुख्य संबोधन देंगे। साथ ही, पीएम-SETU के तहत जुड़े टाटा स्टील फाउंडेशन, अपोलो मेडस्किल्स और NSDC जैसे 13 प्रमुख इंडस्ट्री पार्टनर्स के साथ प्रधानमंत्री की एक ग्रुप फोटो भी ली जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment