पीलीभीत ट्रिपल मर्डर: रामलीला कमेटी के विवाद में तीन की मौत, वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में सोमवार रात को हुए खौफनाक ट्रिपल मर्डर का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे हमलावर हाईवे पर हथियारों और लाठियों के दम पर कहर बरपा रहे थे। इस अचानक हुए हमले और गोलीबारी से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। इस हिंसक वारदात में अंकित गुप्ता, उनके भाई मोहित गुप्ता और 15 साल के एक राहगीर कुणाल श्रीवास्तव की जान चली गई।
पुलिस के मुताबिक, कुणाल श्रीवास्तव और अंकित गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि मोहित गुप्ता ने बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हमले में रोज गुप्ता नाम का एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसका इलाज बरेली में चल रहा है।
पैसे के लेनदेन और रामलीला कमेटी का विवाद बना वजह
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस हत्याकांड की जड़ रामलीला कमेटी के खातों से जुड़ा पुराना वित्तीय विवाद था। बताया जा रहा है कि कमेटी की एक बैठक के दौरान दो गुटों के बीच कहासुनी हुई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता ने अपनी लाइसेंसी राइफल और अन्य अवैध हथियारों से फायरिंग की। इस वारदात में उसका साथ उसके भाई हर्षित, पिता नरेश, चाचा संतोष गुप्ता, चचेरे भाई रचित गुप्ता, राकेश अरोड़ा और आशू ने दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से वह लाइसेंसी राइफल, एक अवैध तमंचा, कई लाठियां और हमले में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियां भी बरामद की हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी अजय कुमार साहनी, एसपी सुकीर्ति माधव, डीएम आलोक कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और साक्ष्यों का निरीक्षण किया। फिलहाल अमरिया इलाके में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है। वहीं, मृतकों की मां ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की है।