पीलीभीत: खाना बनाने से मना करने पर पति का चढ़ा पारा, पत्नी को बंदूक से मारी गोली
पीलीभीत में खाना बनाने से मना करने पर पति ने पत्नी को बंदूक से गोली मारी और घर में बंद कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली बात पर एक पति ने अपनी ही पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। केवल इसलिए कि पत्नी ने खाना बनाने से मना कर दिया था, पति ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से उस पर गोली चला दी। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, लेकिन क्रूरता की हद तब पार हो गई जब आरोपी पति ने घायल पत्नी को इलाज दिलाने के बजाय घर में ही बंद कर दिया और खुद फरार हो गया।
दो दिनों तक घर में रही घायल महिला, बेटे ने बचाया
यह पूरी घटना घुंघचाई थाना क्षेत्र के अभयपुर माधौपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, 27 नवंबर की सुबह आरोपी मनजीत सिंह ने अपनी पत्नी संदीप कौर से खाना बनाने को कहा। जब संदीप कौर ने घर में आटा न होने की बात कही और खाना बनाने से इनकार किया, तो मनजीत सिंह अपना आपा खो बैठा। उसने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से पत्नी पर गोली चला दी, जिसके छर्रे महिला की आंख में जा लगे।
गोली मारने के बाद मनजीत ने अपनी पत्नी को लहूलुहान हालत में घर के अंदर बंद कर दिया। दो दिनों तक वह महिला तड़पती रही। इस बीच, सौतेले बेटे गुरजीत सिंह ने पड़ोसियों की मदद से उसे खाना खिलाया और चेन्नई में रह रहे अपने भाई सर्वजीत को इस हादसे की जानकारी दी। जैसे ही परिजन गांव पहुंचे, आनन-फानन में संदीप कौर को पूरनपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बेटे गुरजीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपी पिता मनजीत सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बंदूक भी बरामद कर ली है। फिलहाल घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।