शाहजहाँपुर: पीएचसी नगरिया में बड़ा खेल, 3 लाख के सरकारी पेड़ महज 70 हजार में बेचे
शाहजहाँपुर के पीएचसी नगरिया में 3 लाख के यूकेलिप्टस पेड़ महज 70 हजार में बेचे गए। मिलीभगत और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप।

उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर स्थित नगरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में सरकारी संपत्ति की लूट का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ परिसर में लगे यूकेलिप्टस (सफेदा) के पेड़ों को नियमों को ताक पर रखकर बेहद कम दामों में बेचने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि करीब 3 लाख रुपये की अनुमानित कीमत वाले पेड़ों को महज 70 हजार रुपये में ठिकाने लगा दिया गया, जिससे सरकारी खजाने को भारी चपत लगी है।
इस पूरे मामले में पीएचसी अधीक्षक, एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और वन विभाग के अधिकारियों के बीच गहरी मिलीभगत की बात सामने आ रही है। नियमों के मुताबिक, किसी भी सरकारी संपत्ति या पेड़ों की बिक्री से पहले उसकी सार्वजनिक नीलामी होनी चाहिए और इसकी आधिकारिक सूचना जारी की जानी चाहिए। लेकिन आरोप है कि अधीक्षक और कर्मचारी सुनील ने इन सभी प्रक्रियाओं को दरकिनार करते हुए कांट के एक ठेकेदार के साथ गुप्त रूप से सौदा तय कर लिया।
रिश्वत और मिलीभगत का जाल
सूत्रों के अनुसार, इस पूरी डील की पटकथा बहुत चालाकी से लिखी गई थी। योजना यह थी कि सरकारी खजाने में केवल 70 हजार रुपये जमा किए जाएंगे, जबकि एक लाख रुपये की राशि रिश्वत के तौर पर अलग से ली जाएगी। चर्चा यह भी है कि ठेकेदार से 50 हजार रुपये नकद पहले ही वसूले जा चुके हैं। इस अवैध वसूली को छिपाने के लिए स्टाफ क्वार्टरों की पुताई और मरम्मत का बहाना बनाया जा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि एक अन्य ठेकेदार इन पेड़ों के लिए 2 लाख रुपये तक देने को तैयार था, लेकिन उस प्रस्ताव को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। पेड़ों के मूल्यांकन की जिम्मेदारी वन विभाग की थी, लेकिन आरोप है कि विभाग के अधिकारियों ने पैसों के लेनदेन के बाद जानबूझकर पेड़ों की कीमत कम आंकी। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि जिलाधिकारी इस मामले में हस्तक्षेप कर मौके पर दोबारा निष्पक्ष मूल्यांकन करवाएं, तो इस बड़े घोटाले का सच सामने आ सकता है, क्योंकि अभी सभी पेड़ कटे नहीं हैं।