PCS अधिकारी और सिंगर अनुपमा राग ने दिया इस्तीफा, सियासी गलियारों में हलचल तेज
पीसीएस अधिकारी और सिंगर अनुपमा राग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब चर्चा है कि क्या वह 2027 चुनाव में उतरेंगी?

उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार में डिप्टी कमिश्नर (GST) के पद पर तैनात पीसीएस अधिकारी और मशहूर सिंगर अनुपमा राग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अनुपमा राग ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश साझा कर अपने इस फैसले की जानकारी दी, जिसमें उन्होंने एक 'नए संकल्प' के साथ 'नई यात्रा' शुरू करने की बात कही है।
अनुपमा राग का यह कदम राज्य में चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि उनका पारिवारिक बैकग्राउंड काफी मजबूत और राजनीतिक है। वह पूर्व सांसद सुशीला सरोज की बेटी हैं और समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी हैं। जैसे ही उनके इस्तीफे की खबर आई, कयास लगाए जाने लगे कि वह अब सक्रिय राजनीति में कदम रखने वाली हैं।
क्या 2027 के चुनाव में उतरेंगी अनुपमा राग?
मीडिया रिपोर्ट्स और राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक, अनुपमा राग सीतापुर जिले की सिधौली विधानसभा सीट से 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी राजनीतिक दल से जुड़ने या चुनाव लड़ने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन उनके इस्तीफे के समय और पारिवारिक संबंधों ने इन अटकलों को और हवा दे दी है।
यूपी में यह पहली बार नहीं है जब किसी प्रशासनिक अधिकारी ने राजनीति के लिए अपनी कुर्सी छोड़ी हो। हाल ही में आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने भी इस्तीफा देकर 'जननीति भारत पार्टी' की नींव रखी थी। अब अनुपमा राग के इस फैसले को भी उसी दिशा में देखा जा रहा है। फिलहाल सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वह अपनी इस 'नई यात्रा' में किस राजनीतिक मोड़ पर मुड़ती हैं।