कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के बयान पर भड़के पंकज चौधरी, बोले- विदेशी धरती पर देश को नीचा दिखाना शर्मनाक
यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था पर राहुल गांधी के बयान को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है।

उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है। यह विवाद राहुल गांधी द्वारा कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था और शिक्षा प्रणाली को लेकर दिए गए बयानों के बाद शुरू हुआ है। पंकज चौधरी ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे विदेशी धरती पर जाकर अपने ही देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
दरअसल, न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि भारत एक आर्थिक आपदा (Economic Disaster) की कगार पर खड़ा है। उन्होंने बेरोजगारी की गंभीर समस्या और शिक्षा प्रणाली में गहरी खामियों का जिक्र करते हुए दावा किया कि देश एक बड़े आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। राहुल गांधी के इसी बयान ने अब राजनीतिक घमासान खड़ा कर दिया है।
'युवराज' पर साधा निशाना, राजनीतिक करियर पर उठाए सवाल
राहुल गांधी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें 'युवराज' संबोधित किया और तीखे सवाल पूछे। उन्होंने लिखा कि युवराज को अपने ही देश से इतनी नफरत क्यों है और वे हमेशा विदेश जाकर देश को नीचा क्यों दिखाते हैं?
चौधरी ने राहुल गांधी के राजनीतिक सफर पर तंज कसते हुए कहा कि जो व्यक्ति पिछले 20 सालों से अपनी ही पार्टी के लिए 'डिजास्टर' बना हुआ है और खुद को लॉन्च करने में असफल रहा है, वह आज देश को आपदा बता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब राहुल गांधी को देश के भीतर समर्थन नहीं मिलता, तो वे विदेशी मंचों का सहारा लेकर भारत विरोध में उतर जाते हैं।
बीजेपी नेता ने भारत की आर्थिक स्थिति का बचाव करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया में भारतीय अर्थव्यवस्था का डंका बज रहा है। उन्होंने सवाल किया कि अपने देश को नीचा दिखाकर राहुल गांधी आखिर किसे ऊंचा उठाना चाहते हैं? चौधरी ने इस तरह की राजनीति को शर्मनाक करार दिया।
बता दें कि राहुल गांधी इस समय अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर हैं। कोलंबिया यूनिवर्सिटी के अलावा उन्होंने इलिनोइस की यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ भी चर्चा की है।