एशियाई पैरा गेम्स विजेताओं से मिले यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, खिलाड़ियों के जज्बे को किया सलाम
यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एशियाई पैरा गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।

उत्तर प्रदेश के उन जांबाज खिलाड़ियों ने दुनिया के सामने अपनी ताकत का लोहा मनवाया है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों को मात देकर एशियाई पैरा गेम्स 2026 में देश का नाम रोशन किया। इन चैंपियंस के सम्मान में यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उनसे खास मुलाकात की और उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।
धनतेरस के शुभ अवसर पर हुई इस मुलाकात के दौरान पंकज चौधरी ने खिलाड़ियों और उनके कोचों के साथ दिल खोलकर बातचीत की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि असली चैंपियन वही होते हैं जो मुश्किल हालातों में इतिहास रचते हैं। उन्होंने इन खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश के गौरव, साहस और अटूट संकल्प का प्रतीक बताया।
इन खिलाड़ियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान
मुलाकात के दौरान कई पदक विजेताओं ने अपने संघर्ष और अनुभवों को साझा किया। जिन खिलाड़ियों की विशेष सराहना की गई, उनमें शामिल हैं:
- सिमरन शर्मा: महिला 100 मीटर और 200 मीटर (T12) पैरा एथलेटिक्स में गोल्ड मेडल।
- आयुष वर्मा: शॉट पुट (F53) में गोल्ड और जेवलिन थ्रो (F53/F54) में ब्रोंज मेडल।
- अजीत सिंह: जेवलिन थ्रो (F46) में सिल्वर मेडल।
- स्वाति चौधरी: पैरा तीरंदाजी (W1) में सिल्वर मेडल।
- राम रतन सिंह: डिस्कस थ्रो (F51/F52/F53) में सिल्वर मेडल।
- अनुभव चौधरी: 100 मीटर (T35) पैरा एथलेटिक्स में ब्रोंज मेडल।
- प्राची पांडे: पैरा टेबल टेनिस (सिंगल्स क्लास 6) में ब्रोंज मेडल।
पंकज चौधरी ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने न केवल पदक जीते हैं, बल्कि दुनिया को यह दिखाया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति से किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है। गौरतलब है कि एशियाई पैरा गेम्स 2026 में भारत ने कुल 114 पदक (30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य) जीतकर अपना पिछला सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड तोड़ा है। खास बात यह रही कि इस बार भारतीय दल में खिलाड़ियों की संख्या पिछली बार के मुकाबले कम थी, लेकिन प्रदर्शन कहीं अधिक शानदार रहा।