पलवल: नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, इटावा के युवक की मौत

हरियाणा के पलवल में नेशनल हाईवे-19 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बंचारी गांव के पास केसीएम स्कूल के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के इटावा जिले का रहने वाला 20 वर्षीय युवक निखिल कुमार अपनी जान गंवा बैठा, जबकि उसका साथी विकास गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, निखिल और विकास दोनों इटावा के इस्मायलपुर गांव के रहने वाले थे और बाइक पर सवार होकर नोएडा जा रहे थे। रात करीब साढ़े आठ बजे जब वे बंचारी गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के वक्त बाइक विकास चला रहा था, जबकि निखिल पीछे बैठा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि निखिल सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही मुंडकटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने निखिल को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता चंद्रप्रकाश की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी कैलाश भड़ाना ने बताया कि पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। आरोपी की पहचान के लिए हाईवे के किनारे स्थित होटलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।