'मोहम्मद सिराज को दबाना या किनारे करना आसान नहीं', चयन विवाद पर बोले ओवैसी
न्यूजीलैंड टेस्ट से मोहम्मद सिराज के बाहर होने पर विवाद छिड़ा। असदुद्दीन ओवैसी ने सिराज के संघर्ष और वापसी पर भरोसा जताया है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के बाहर होने के बाद अब यह मामला राजनीतिक रंग ले चुका है। इस विवाद के बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सिराज का समर्थन करते हुए कहा है कि उन्हें दबाना या किनारे करना इतना आसान नहीं है। सहारनपुर में मीडिया से बात करते हुए हैदराबाद के सांसद ओवैसी ने सिराज के संघर्ष और उनकी काबिलियत पर जोर दिया।
ओवैसी ने सिराज के शुरुआती जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि वह हैदराबाद के एक गरीब परिवार से आते हैं और उनके पिता ऑटो रिक्शा चालक हैं। उन्होंने कहा, "दुनिया शायद उन बलिदानों और कठिनाइयों से अनजान हो जिनसे सिराज गुजरे हैं, लेकिन अपनी कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई और 144 टेस्ट विकेट लिए।" ओवैसी ने विश्वास जताया कि सिराज एक सच्चे फाइटर हैं और जल्द ही टीम में जोरदार वापसी करेंगे।
भेदभाव के आरोपों पर छिड़ी बहस
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सिराज को टीम से बाहर रखने पर भेदभाव के आरोप लगाए। मसूद का दावा था कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज के नाम की वजह से उन्हें नजरअंदाज किया गया, जो स्पष्ट रूप से भेदभाव को दर्शाता है। मसूद ने मोहम्मद शमी और सरफराज खान का उदाहरण देते हुए कहा कि चयन पूरी तरह से मेरिट और प्रदर्शन पर आधारित होना चाहिए, चाहे खिलाड़ी कहीं से भी हो।
वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस नेता मुमताज पटेल ने इस मुद्दे पर अलग राय रखी। उन्होंने लोगों से अपील की कि खेल में धर्म या नफरत की राजनीति न लाएं। पटेल ने कहा कि भारतीय टीम में सबसे ऊपर 'भारत' आता है और क्रिकेट को धार्मिक या सांस्कृतिक आधार पर बांटना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि टीम का चयन टूर्नामेंट की जरूरतों और खिलाड़ियों के फॉर्म के आधार पर किया गया होगा, इसलिए नफरत का माहौल नहीं बनाना चाहिए।
गौरतलब है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में सिराज भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं, जिन्होंने 11 मैचों में 43 विकेट झटके हैं। यही कारण है कि उनके प्लेइंग इलेवन में न होने पर सवाल उठ रहे हैं।