ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, बोले- सत्ता में आए तो करेंगे 'लैपटॉप घोटाला'
यूपी मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर लैपटॉप घोटाले की आशंका जताई और उनके नेतृत्व की तुलना मुलायम सिंह यादव से करते हुए तीखे हमले किए।

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राजभर ने बेहद तीखे शब्दों में आरोप लगाया कि यदि अखिलेश यादव दोबारा सत्ता में लौटे, तो वे एक नया 'लैपटॉप घोटाला' रचेंगे। राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव का मुख्यमंत्री बनने का सपना इस जन्म में पूरा नहीं होगा, उन्हें अब अगले जन्म की उम्मीद रखनी चाहिए।
नेतृत्व और कार्यशैली पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव की तुलना उनके पिता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव से करते हुए ओपी राजभर ने कहा कि दोनों के नेतृत्व में जमीन-आसमान का अंतर है। राजभर के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव स्थापित और मजबूत नेताओं का साथ देते थे, जबकि अखिलेश यादव ऐसे लोगों को आगे बढ़ा रहे हैं जो अपने पोलिंग बूथ तक चुनाव जीतने की क्षमता नहीं रखते।
मंत्री राजभर ने अखिलेश यादव के व्यवहार को 'गुंडागर्दी' करार देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की मानसिकता आज भी ऐसी है कि वे सरकारी कर्मचारियों को गुलाम समझते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों का अपमान किया जाता है, जिससे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं का मनोबल टूटता है।
राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह दी कि उन्हें वरिष्ठ नेता आजम खान से 'विशेष मार्गदर्शन' लेना चाहिए। उन्होंने पुराने दिनों को याद दिलाते हुए कहा कि दस साल पहले आजम खान नौकरशाहों को अपने अधीनस्थ समझते थे और पुलिस का इस्तेमाल अपनी खोई हुई भैंसों को खोजने जैसे निजी कामों के लिए करते थे।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। राजभर ने अखिलेश यादव के 'लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा' के नारे का विरोध किया था और सपा के घोषणापत्र को 'मनी-फेस्टो' बताते हुए इसे भ्रष्टाचार और 'सैफई सिंडिकेट' को बढ़ावा देने वाला बताया था। हाल ही में उन्होंने अखिलेश यादव को चुनौती दी थी कि यदि आजम खान का मुस्लिम समुदाय पर इतना प्रभाव है, तो वे 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए किसी मुस्लिम चेहरे को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करें।