नोएडा: पुराने नोटों के बदले मुनाफे का लालच, महिला से 41.45 लाख की ठगी
नोएडा की एक महिला फेसबुक विज्ञापन के झांसे में आकर 41.45 लाख रुपये गं बैठी। जीएसटी अधिकारियों के नाम पर की गई यह बड़ी धोखाधड़ी।

नोएडा के सेक्टर-26 की रहने वाली एक महिला ऑनलाइन करेंसी एक्सचेंज के नाम पर हुए एक बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो गई हैं। जालसाजों ने फेसबुक विज्ञापन के जरिए उन्हें अपने जाल में फंसाया और करीब 41.45 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम ठग ली। यह पूरी वारदात 1 अक्टूबर से 13 अक्टूबर के बीच अंजाम दी गई, जिसमें महिला को धीरे-धीरे ठगा गया।
घटना की शुरुआत तब हुई जब अनुराधा छेत्री ने फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें पुराने करेंसी नोटों के बदले अधिक रिटर्न देने का वादा किया गया था। इस विज्ञापन से आकर्षित होकर जब उन्होंने संपर्क किया, तो जालसाजों ने व्हाट्सएप और फोन कॉल्स के जरिए उनसे बातचीत शुरू की।
जीएसटी अधिकारियों का रूप धरकर डराया
ठगों ने इस खेल को और पुख्ता करने के लिए खुद को जीएसटी (GST) अधिकारी बताया। उन्होंने महिला को विश्वास दिलाया कि रकम पाने के लिए उन्हें कुछ प्रशासनिक शुल्क और जीएसटी भुगतान करना होगा। झांसे में आकर महिला ने किस्तों में पैसे ट्रांसफर करने शुरू कर दिए। जब महिला को संदेह हुआ या उन्होंने भुगतान रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें कानूनी कार्रवाई की धमकी देना शुरू कर दिया, जिससे डरकर उन्होंने और पैसे भेज दिए।
जब ठगी का एहसास हुआ, तो पीड़िता ने नोएडा के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आपराधिक केस दर्ज कर लिया है।
साइबर क्राइम की डीसीपी प्रीति यादव ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अब उन डिजिटल फुटप्रिंट्स को खंगाल रही है, जिनके जरिए यह घोटाला हुआ। इसमें संदिग्ध फोन रिकॉर्ड्स, बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल्स और उन सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की जा रही है, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया गया था।