नोएडा एलिवेटेड रोड पर फिर धंसा हिस्सा, एक महीने में दूसरा हादसा; जांच शुरू
नोएडा के सेक्टर 33 में एलिवेटेड रोड का हिस्सा धंसने से हड़कंप। एक महीने में दूसरी बार हुआ हादसा, IIT दिल्ली और रुड़की से होगी जांच।

नोएडा के व्यस्ततम एलिवेटेड रोड पर एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया है। सेक्टर 33 स्थित इस्कॉन मंदिर के पास सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। चौंकाने वाली बात यह है कि करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से बने इस रोड पर पिछले एक महीने के भीतर यह दूसरी बार हुआ है जब सड़क का हिस्सा धंसा है। हादसे के बाद कंक्रीट की ऊपरी परत उखड़ गई और नीचे का स्टील ढांचा बाहर निकल आया।
इस घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस ने एहतियात के तौर पर सेक्टर 61 से सेक्टर 18 की ओर जाने वाली लेन को पूरी तरह बंद कर दिया है। इस रूट से रोजाना करीब 1.5 लाख लोग सफर करते हैं, जिसके कारण लेन बंद होते ही इलाके में भारी ट्रैफिक जाम लग गया। डीसीपी ट्रैफिक सैयद अली अब्बास ने लेन बंद करने की पुष्टि की है और यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है।
IIT रुड़की और दिल्ली की टीम करेगी सुरक्षा ऑडिट
नोएडा अथॉरिटी ने इस गंभीर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि यह घटना 15 सितंबर को विश्व भारती पब्लिक स्कूल के पास हुए पिछले हादसे से जुड़ी हो सकती है, जहां 10x5 फुट का हिस्सा धंस गया था। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
मरम्मत कार्य की निगरानी के लिए आईआईटी रुड़की (IIT Roorkee) की टीम को मौके पर बुलाया गया है। सीनियर मैनेजर कपिल सिंह के अनुसार, मरम्मत में करीब 10 दिन का समय लग सकता है। इसके अलावा, नोएडा अथॉरिटी अब आईआईटी दिल्ली (IIT Delhi) से पूरे एलिवेटेड कॉरिडोर का औपचारिक सुरक्षा ऑडिट कराने पर विचार कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कंक्रीट और स्टील के ढांचे में कोई बड़ी खामी तो नहीं है।