विकसित भारत के निर्माण में युवा निभाएंगे अहम भूमिका: नितिन नबीन

विकसित भारत के निर्माण में युवा निभाएंगे अहम भूमिका: नितिन नबीन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित 'युवा संवाद' कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने आज की पीढ़ी को बदलाव का सबसे बड़ा वाहक बताया और कहा कि देश के भविष्य के लिए युवाओं की आवाज सुनना और उन्हें समझना बेहद जरूरी है। नबीन ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप, आईटी, एआई, सेमीकंडक्टर और मेडिकल शिक्षा जैसे क्षेत्रों में नए अवसर खुले हैं, जिनका लाभ उठाकर युवा भारत को 2047 तक एक 'विकसित भारत' और 'विश्वगुरु' बनाने में अपना पूरा समर्पण देना चाहिए।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इस संवाद के जरिए भाजपा नेतृत्व ने युवाओं के साथ सीधे जुड़ने और उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की प्रतिबद्धता जताई।

काशी विश्वनाथ मंदिर में मत्था टेका और विपक्ष पर साधा निशाना

वाराणसी दौरे के दौरान नितिन नबीन ने बाबा विश्वनाथ मंदिर जाकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि काशी की पवित्रता और परंपराएं हर किसी को श्रद्धा से झुका देती हैं। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के भव्य निर्माण की सराहना करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने करोड़ों सनातनी आस्था के इस केंद्र को एक नया और भव्य स्वरूप दिया है।

वहीं, राजनीतिक मोर्चे पर बोलते हुए नितिन नबीन ने विपक्ष और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष की मानसिकता अराजक है और वे केवल समाज में जहर घोलना जानते हैं। नबीन ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी के आरोप सही हैं, तो उन्हें पहले इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा कार्यकर्ता साल के 365 दिन जनता के बीच रहते हैं और उनके लिए हर दिन काम और चुनाव जैसा होता है, जबकि विपक्षी नेता केवल चुनाव के समय नजर आते हैं।

नितिन नबीन ने युवाओं की बदलती सोच पर चर्चा करते हुए कहा कि अब समय बदल गया है। पहले माता-पिता तय करते थे कि बच्चा डॉक्टर बनेगा या इंजीनियर, लेकिन आज की पीढ़ी अपने फैसले खुद लेती है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी को 2014 में युवाओं का जो अभूतपूर्व समर्थन मिला, वही ऊर्जा अब भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ले जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment