नितिन नबीन और सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में टेका मत्था, राहुल गांधी पर साधा निशाना
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सीएम योगी के साथ गोरखनाथ मंदिर में मत्था टेका और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इन दिनों उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। अपने दो दिवसीय गोरखपुर दौरे के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ऐतिहासिक गोरखनाथ मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गुरु गोरखनाथ के चरणों में मत्था टेका और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आशीर्वाद लिया। इस आध्यात्मिक अवसर पर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और सांसद रवि किशन शुक्ला समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमाया रहा। बुधवार रात प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के आवास पर एक विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सहित पार्टी के कई दिग्गज शामिल हुए।
राहुल गांधी पर बोला हमला, कहा- 'विदेशी टूलकिट' के इशारे पर काम कर रहे हैं
मंदिर दर्शन और संगठनात्मक बैठकों के बीच नितिन नबीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला। 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च को संबोधित करते हुए उन्होंने राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी से बहस की चुनौती को खारिज कर दिया। नबीन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एक विदेशी टूलकिट नेटवर्क के इशारे पर काम कर रहे हैं और उनका मकसद देश में अराजकता फैलाना है।
अमेठी का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी को पीएम मोदी से जवाब मांगने का नैतिक अधिकार किसने दिया? उन्होंने कहा, "अमेठी में अगर विकास की नींव रखी गई है, तो वह भाजपा सरकार और उसके नेताओं ने की है।"
बीजेपी अध्यक्ष ने कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस ने जमीन पर उतरकर कार्यकर्ताओं के साथ काम किया होता, तो आज उनकी हालत ऐसी नहीं होती। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व की तुलना एक खराब 'लॉन्चिंग पैड' से करते हुए कहा कि समस्या सिर्फ रॉकेट की नहीं, बल्कि उस सिस्टम की है जो ऐसे नेता पैदा करता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश तेजी से प्रगति कर रहे हैं।
बता दें कि नितिन नबीन का यह दौरा पूरी तरह संगठनात्मक है। उन्होंने तारामंडल स्थित एनेक्स भवन में प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से मुलाकात की और आगामी चुनावों की तैयारी को लेकर वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ कई अहम बैठकें कीं।