गोरखपुर में नितिन नबीन करेंगे 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च का नेतृत्व
बीजेपी नेता नितिन नबीन 4-5 नवंबर को गोरखपुर दौरे पर रहेंगे, जहां वे 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च का नेतृत्व करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 4 और 5 नवंबर को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों से पहले पार्टी की तैयारियों को धार देना और कार्यकर्ताओं में जोश भरना है। अपने प्रवास के दौरान वे बीजेपी के राष्ट्रव्यापी अभियान 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के तहत एक विशाल पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।
दौरे का पूरा कार्यक्रम और चुनावी रणनीति
नितिन नबीन बुधवार, 4 नवंबर को गोरखपुर पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे वे महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से पदयात्रा की शुरुआत करेंगे, जो सरदार पटेल की प्रतिमा के पास स्थित माता काली मंदिर पर समाप्त होगी। इस मार्च के बाद वे तारामंडल स्थित एनेक्स भवन जाएंगे, जहां समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ उनकी चर्चा होगी। शाम के समय वे पार्टी के जनप्रतिनिधियों और उत्तर प्रदेश बीजेपी कोर कमेटी की अहम बैठक में शिरकत करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन, 5 नवंबर को सुबह 8 बजे नितिन नबीन बाबा गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और देश व राज्य की खुशहाली की कामना करेंगे। इसके बाद वे एक बार फिर एनेक्स भवन पहुंचेंगे, जहां पिछले तीन कार्यकाल के पूर्व राज्य और क्षेत्रीय पदाधिकारियों, पूर्व जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे।
इस बैठक में पूर्व लोकसभा और राज्यसभा सांसदों, पूर्व विधायकों और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षों सहित नगर पालिका व नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्षों के साथ भी संवाद होगा। दौरे के अंत में, वे प्रदेश अध्यक्ष और अन्य प्रमुख पदाधिकारियों के साथ एक विस्तृत बैठक करेंगे, जिसमें आगामी चुनावी अभियानों का रोडमैप और चुनावी रणनीति तय की जाएगी।