कानपुर से आनंद विहार के बीच नई कानपुर एक्सप्रेस शुरू, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई कानपुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। अब कानपुर और दिल्ली के बीच सफर होगा और भी आसान।

कानपुर और दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने सोमवार को नई कानपुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच दोनों दिशाओं में चलेगी, जिससे उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के बीच रेल कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी। इस खास मौके पर कानपुर नगर निगम की मेयर प्रमिला पांडेय, अकबरपुर सांसद देवेंद्र सिंह भोले और रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यह नई दैनिक ट्रेन सेवा 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और इसमें 22 आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच लगाए गए हैं। यह ट्रेन न केवल बड़े शहरों को जोड़ेगी, बल्कि रास्ते में पड़ने वाले कई महत्वपूर्ण औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों को भी सीधा लाभ पहुँचाएगी।
औद्योगिक शहरों को मिलेगा सीधा फायदा
नई कानपुर एक्सप्रेस के शुरू होने से कई छोटे और बड़े शहरों के व्यापारियों, छात्रों और कामगारों को बड़ी राहत मिलेगी। यह ट्रेन फफूँद, औरैया (NTPC और GAIL पाटा), इटावा, टुंडला (फिरोजाबाद का कांच उद्योग), हाथरस, अलीगढ़ (ताला उद्योग और AMU), खुर्जा (सिरेमिक उद्योग), दादरी और गाजियाबाद जैसे प्रमुख केंद्रों को जोड़ते हुए आनंद विहार टर्मिनल पहुँचेगी। इससे कानपुर के चमड़ा और शिक्षा उद्योग को दिल्ली के साथ बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर के लोगों को इस नई सेवा के लिए बधाई दी और बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इसके लिए अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं। उन्होंने शहर की ट्रैफिक समस्या को दूर करने के लिए अनवरगंज और मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के निर्माण की जानकारी दी, जिसका डीपीआर (DPR) पूरा हो चुका है और जल्द ही काम शुरू होगा।
भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए रेल मंत्री ने बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि नॉर्थ कॉरिडोर के तहत दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ा जाएगा। जब यह सेवा शुरू होगी, तो दिल्ली से कानपुर का सफर मात्र 1 घंटा 45 मिनट में पूरा हो जाएगा। वहीं लखनऊ से कानपुर की दूरी सिर्फ 27 मिनट में तय होगी। इसके अलावा, कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम भी तेजी से चल रहा है, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।