कन्नौज: आलू के खेत में मिली प्राचीन नंदी प्रतिमा, VHP ने की ASI से खुदाई की मांग
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आलू की खुदाई के दौरान प्राचीन नंदी प्रतिमा मिली है, जिसके बाद VHP ने ASI से खुदाई की मांग की है।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक खेत में आलू की बुवाई के दौरान प्राचीन काल की एक विशाल नंदी प्रतिमा मिली है। यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के चौरचंदपुर गांव की है, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है।
जानकारी के मुताबिक, जब खेत में मजदूर आलू लगाने का काम कर रहे थे, तभी मिट्टी के नीचे से यह मूर्ति निकली। जैसे ही नंदी की प्रतिमा दिखाई दी, इसकी खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग इस प्राचीन अवशेष को देखने के लिए उमड़ पड़े और वहां भक्तिमय माहौल बन गया।
प्राचीन मंदिर होने की आशंका, ASI से जांच की मांग
मूर्ति मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP) के जिला समन्वयक पंकज कुमार ने मोर्चा संभाला। उन्होंने प्रतिमा को सुरक्षित तरीके से वहां से हटवाकर पास के एक मंदिर में स्थापित करने की व्यवस्था की।
VHP प्रतिनिधियों का मानना है कि जिस जगह से यह प्रतिमा मिली है, वह किसी प्राचीन मंदिर का हिस्सा हो सकता है। उनका कहना है कि जमीन के अंदर अभी और भी कई मूर्तियां और ऐतिहासिक अवशेष दबे हो सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए संगठन ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) से औपचारिक मांग की है कि इस पूरे क्षेत्र की गहन खुदाई की जाए, ताकि इस स्थान के ऐतिहासिक महत्व का पता चल सके और अन्य अवशेषों को निकाला जा सके।