वाराणसी में सजेगा 'नमो बुक फेस्ट Gen V', पीएम मोदी के विजन और किताबों का होगा संगम

वाराणसी में सजेगा 'नमो बुक फेस्ट Gen V', पीएम मोदी के विजन और किताबों का होगा संगम

धर्म और संस्कृति की नगरी काशी अब साहित्य और विजन की एक नई लहर का गवाह बनने जा रही है। वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय 'नमो बुक फेस्ट Gen V' का आयोजन किया जा रहा है। काउंसिल फॉर मीडिया एंड पब्लिक पॉलिसी रिसर्च (CMPPR) द्वारा आयोजित इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी गई किताबों को एक छत के नीचे लाना और युवाओं के साथ उनके विजन व विकसित भारत की नीतियों पर चर्चा करना है।

इस आयोजन की खास बात यह है कि यह केवल किताबों तक सीमित नहीं है। यहाँ डॉक्यूमेंट्री फिल्मों की स्क्रीनिंग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विशेषज्ञों के साथ पैनल चर्चाएं भी होंगी। मंगलवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिनेता अभिनव चतुर्वेदी ने बताया कि इस कार्यक्रम में 'हनुमान अंश' के निर्माता अनुप्रिया नगर और सुनील लोधी भी शामिल होंगे। अभिनव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे चर्चित नेता हैं और उन पर लिखी गई किताबों के जरिए युवा पीढ़ी को उनके नेतृत्व और देश के प्रति उनकी सोच को समझने का मौका मिलेगा।

युवाओं के लिए खुला मंच और दिग्गजों की मौजूदगी

नमो बुक फेस्ट का यह दूसरा संस्करण है, जिसका पहला आयोजन दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में हुआ था। दिल्ली वाले संस्करण में हजारों छात्रों और करीब 1000 स्कूलों ने हिस्सा लिया था, जहाँ 10 अलग-अलग श्रेणियों में पीएम मोदी पर लिखी 450 से अधिक किताबें प्रदर्शित की गई थीं। इसी तर्ज पर वाराणसी संस्करण में भी लेखकों, नीति निर्माताओं, विचारकों और फिल्म निर्माताओं का जमावड़ा लगेगा।

कार्यक्रम की चमक बढ़ाने के लिए केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, प्रसिद्ध लेखक अमीश त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव, राहुल शिवशंकर, आरजे रौनक, अभिनेत्री सुज़ैन बर्नेट और आदित्य राज कौल जैसे दिग्गज शामिल होंगे। इस फेस्ट के जरिए 'Gen-V' कॉन्सेप्ट को आगे बढ़ाया जा रहा है, जो विकसित भारत के विजन से जुड़ी नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करता है। यहाँ फिल्म निर्माताओं को उनके काम के लिए पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिससे कला और साहित्य के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की चर्चा को बल मिले।

Share:

Comments

Leave a comment