मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा: डिवाइडर से टकराकर कार बनी आग का गोला, बच्चे समेत 6 की मौत

मुजफ्फरनगर के पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर कार डिवाइडर से टकराकर जल गई, हादसे में बच्चे समेत 6 लोगों की दर्दनाक मौत।

Sushant Singh9 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा: डिवाइडर से टकराकर कार बनी आग का गोला, बच्चे समेत 6 की मौत

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने और उसमें भीषण आग लगने से छह लोगों की जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे में एक 10 से 12 साल का बच्चा भी शामिल था। हादसा सोमवार तड़के पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर हुआ, जिसने इलाके में मातम फैला दिया है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 4:50 बजे जगेहरी के पास हुई, जो जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर है। बताया जा रहा है कि हुंडई ऑरा कार हरियाणा से हरिद्वार (उत्तराखंड) की ओर जा रही थी। जैसे ही गाड़ी एक ओवरब्रिज पर पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सीधे एक बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। कार के अंदर सवार सभी लोग उसमें ही फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

सीएनजी किट बनी हादसे की वजह?

हादसे की सूचना मिलते ही तितावली थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और शवों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि मरने वाले लोग हरियाणा के जींद और हिसार जिलों के निवासी थे।

एसएसपी मुजफ्फरनगर सूरज कुमार राय और एसपी रूरल अक्षय संजय महादिक ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि चालक ने नियंत्रण कैसे खोया। साथ ही, यह भी देखा जा रहा है कि क्या कार में लगी सीएनजी किट की वजह से आग इतनी तेजी से फैली और भीषण रूप ले लिया। फिलहाल शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है।

Share:

Comments

Leave a comment