मुजफ्फरनगर: डिवाइडर से टकराकर आग का गोला बनी कार, हादसे में 5 लोगों की मौत
मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार कार डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराकर आग का गोला बन गई, हादसे में 5 लोगों की जान चली गई।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने और उसमें भीषण आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब कार हरियाणा से उत्तराखंड के हरिद्वार की ओर जा रही थी। रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद कार सीधे एक बिजली के खंभे से जा भिड़ी, जिससे उसमें तुरंत आग लग गई और वाहन सवार अंदर ही फंस गए।
बिजली के खंभे से टक्कर के बाद भड़की आग
मुजफ्फरनगर के एसपी रूरल अक्षय संजय महादिक ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार, 9 नवंबर को तितावली थाना पुलिस को सूचना मिली कि पानीपत-खटीमा हाईवे के ओवरब्रिज पर एक ऑरा कार अनियंत्रित हो गई। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बिजली के खंभे से जा भिड़ी, जिसके बाद उसमें आग लग गई।
हादसे की खबर मिलते ही तितावली पुलिस, फायर ब्रिगेड और फील्ड यूनिट की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कार में कुल छह लोग सवार थे, जो सभी बुरी तरह झुलस गए थे। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनमें से पांच लोगों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी छह लोग हरियाणा के हिसार जिले के रहने वाले थे। फिलहाल उनकी पहचान की पुष्टि की जा रही है और उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिशें जारी हैं। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। इसी दिन एक अन्य हादसे में झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर चित्रकूट से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।