नोएडा के शिक्षाविद् मुकेश शर्मा ने लखनऊ में थामा सपा का दामन, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
नोएडा के मशहूर शिक्षाविद् और उद्यमी मुकेश शर्मा लखनऊ में समाजवादी पार्टी में शामिल हुए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया मोड़ आया है। नोएडा के जाने-माने शिक्षाविद्, टेक्नोलॉजी एंटरप्रेन्योर और समाजसेवी मुकेश शर्मा ने लखनऊ में आधिकारिक तौर पर समाजवादी पार्टी (सपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। मुकेश शर्मा का यह कदम गौतम बुद्ध नगर जिले की राजनीतिक हलचलों को तेज कर सकता है, क्योंकि चर्चा है कि वह नोएडा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
मुकेश शर्मा नोएडा के प्रतिष्ठित 'प्रोमीथियस स्कूल' के मालिक हैं। उनकी इस राजनीतिक एंट्री के साथ ही सोशल मीडिया पर एक नई बहस शुरू हो गई है। दरअसल, उनके स्कूल की महंगी फीस को लेकर इंटरनेट पर सवाल उठने लगे हैं। गूगल डेटा के मुताबिक, इस संस्थान में नर्सरी की सालाना फीस करीब 10 लाख रुपये है, जबकि अन्य कक्षाओं की ट्यूशन फीस 80,500 रुपये से लेकर 2.72 लाख रुपये तक है। साथ ही, प्री-नर्सरी और उससे ऊपर की कक्षाओं की एडमिशन फीस 1.80 लाख रुपये तक बताई गई है।
सोशल मीडिया पर उठी सवालिया निशान
जैसे ही मुकेश शर्मा के सपा में शामिल होने की खबर फैली, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर आलोचनाओं का दौर शुरू हो गया। एक यूजर सचिन गुप्ता ने उनकी सदस्यता पर तंज कसते हुए सवाल उठाया कि इतने महंगे और एलीट संस्थानों से जुड़े लोग समाजवाद का चेहरा कैसे बन सकते हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए लिखा, "भाई के पास बाल संवारने का समय नहीं है! क्या ये लोग समाजवाद लाएंगे?"
दिलचस्प बात यह है कि मुकेश शर्मा का राजनीतिक सफर अब तक अलग दिशा में रहा है। वह पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहे हैं और कई कार्यक्रमों में संघ व भाजपा के बड़े नेताओं के साथ नजर आ चुके हैं। नोएडा क्षेत्र में उनकी अच्छी सामाजिक पहचान है, लेकिन अब उनका समाजवादी पार्टी की ओर झुकाव राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।