मिर्जापुर: तिलक में दिए 2 लाख, खेत भी रखा गिरवी... शादी से पहले दूल्हे के गायब होने से मचा हड़कंप
मिर्जापुर में बेटी की शादी के लिए पिता ने खेत गिरवी रखा और लाखों खर्च किए, लेकिन बारात आने से पहले ही दूल्हा गायब हो गया।

मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम और तनाव में बदल दिया। एक पिता ने अपनी बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए अपनी जीवन भर की जमा-पूंजी लगा दी, यहाँ तक कि अपनी जमीन भी गिरवी रख दी, लेकिन बारात आने से महज चार दिन पहले दूल्हे के लापता होने की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
यह पूरा मामला बरी पाठक गांव का है, जहाँ धर्मेंद्र कुमार बिंद ने अपनी बेटी आरती की शादी प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र के खपरखोचवा निवासी लवकुश के साथ तय की थी। शादी की तारीख 22 नवंबर तय हुई थी और लड़की पक्ष ने सारी तैयारियां पूरी कर ली थीं। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने तिलक में दो लाख रुपये दिए थे और शादी के खर्चों के लिए खेत तक गिरवी रख दिया था।
धमकी और मांग के बाद अचानक गायब हुआ दूल्हा
पीड़ित पिता के मुताबिक, सब कुछ ठीक चल रहा था और 18 नवंबर को लड़के के पिता ने फोन कर बताया कि शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। लेकिन कुछ ही देर बाद उन्होंने एक ऐसा बम फोड़ा जिससे परिवार सन्न रह गया; उन्होंने बताया कि उनका बेटा लवकुश लापता है।
लड़की पक्ष का आरोप है कि लवकुश पहले कई बार उनके घर आ चुका था और आरती से बातचीत भी करता था, लेकिन धीरे-धीरे उसका व्यवहार बदलने लगा। वह कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा, जान से मारने की धमकी देने लगा और सोने की सिकड़ी की मांग करने लगा।
अब स्थिति यह है कि रिश्तेदारों को निमंत्रण जा चुके हैं और घर में शादी का माहौल था, लेकिन ऐन मौके पर दूल्हे के गायब होने से परिवार न केवल आर्थिक रूप से टूट गया है, बल्कि सामाजिक शर्मिंदगी का सामना भी कर रहा है। पीड़ित परिवार ने अब प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।