अमेठी: मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति ने 3 साल की बच्ची को पटका, फिर खुद कूदा नाले में

अमेठी में एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति ने 3 साल की बच्ची को जमीन पर पटक दिया, जिसके बाद वह खुद नाले में कूद गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Shubham Singh23 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
अमेठी: मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति ने 3 साल की बच्ची को पटका, फिर खुद कूदा नाले में

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति ने खेल रही तीन साल की मासूम बच्ची को अचानक उठाकर जमीन पर पटक दिया। इस हमले में बच्ची घायल हो गई, जिसके बाद आरोपी ने पास के ही एक नाले में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को नाले से बाहर निकाला।

यह पूरी वारदात अमेठी कोतवाली इलाके के गंगागंज मोहल्ले की है। जानकारी के मुताबिक, पुरवा शिवालाल निवासी शिवा दुबे अपने परिवार के साथ गंगागंज में किराए के मकान में रहते हैं और वाहन चालक का काम करते हैं। गुरुवार शाम करीब 6 बजे उनकी तीन साल की बेटी शिवांगी दुबे घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे संतोष प्रकाश, जो मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं, ने अचानक बच्ची को उठाया और उसे जमीन पर फेंक दिया।

पुलिस ने बच्ची को पहुंचाया अस्पताल, आरोपी निगरानी में

बच्ची को घायल देख आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली के एसएचओ शिवकांत त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। पुलिस और परिजनों की मदद से बच्ची को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, अब बच्ची की हालत स्थिर बनी हुई है।

दूसरी ओर, जिस व्यक्ति ने यह हरकत की थी, उसे स्थानीय लोगों ने नाले से बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ है। फिलहाल वह पुलिस की निगरानी में अस्पताल में भर्ती है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। घटना के बाद अब इलाके में स्थिति सामान्य है।

Share:

Comments

Leave a comment