मेरठ: राज्यपाल की मौजूदगी में छात्र नेता को पुलिस ने घसीटा, छात्र संघ चुनाव की मांग पर हंगामा
मेरठ की CCSU में छात्र संघ चुनाव की मांग करने पर पुलिस ने छात्र नेता हैप्पी चापरणा को जबरन घसीटकर बाहर निकाला। पूरी घटना राज्यपाल की मौजूदगी में हुई।

मेरठ की चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (CCSU) में उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब राज्यपाल आनंदिबेन पटेल की मौजूदगी में एक छात्र नेता को पुलिस ने जबरन घसीटकर ऑडिटोरियम से बाहर निकाल दिया। यह पूरी घटना तब हुई जब छात्र नेता हैप्पी चापरणा ने यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग उठाई और नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने न केवल उन्हें जबरन बाहर निकाला, बल्कि उनके मुंह को दबा दिया ताकि उनकी आवाज बाहर न जा सके।
बता दें कि शनिवार को यूनिवर्सिटी कैंपस में कुलपति डॉ. संगीता शुक्ला द्वारा एक 'स्टार्टअप संवाद' कार्यक्रम आयोजित किया गया था। करोड़ों की लागत से हुए इस कार्यक्रम में राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थीं। इसी बीच हैप्पी चापरणा ने छात्र संघ चुनाव की मांग करते हुए शोर मचाया, जिसके बाद पुलिस ने उनके साथ सख्ती बरती।
घर में नजरबंद किए गए छात्र नेता, रात 11 बजे तक हिरासत में रहा चापरणा
पुलिस की यह कार्रवाई सिर्फ ऑडिटोरियम तक सीमित नहीं थी। सूत्रों के मुताबिक, कुलपति के निर्देश पर छात्र संघ चुनाव की मांग को दबाने के लिए कई छात्र नेताओं के घरों के बाहर दो दिनों तक पुलिस तैनात रही और उन्हें नजरबंद रखा गया था।
जहाँ तक हैप्पी चापरणा की बात है, उन्हें और उनके तीन साथियों को हिरासत में लेकर पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहाँ उन्हें रात 11 बजे तक रखा गया। गौरतलब है कि हैप्पी चापरणा उन महान स्वतंत्रता सेनानी कोतवाल धन सिंह गुर्जर के वंशज हैं, जिन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ते हुए शहादत दी थी। अब अपने ही संस्थान में लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग करने पर उनके साथ हुई इस बदसलूकी को लेकर छात्रों में काफी आक्रोश है।