मेरठ-सहारनपुर MLC चुनाव: मोदीपुरम में भारी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती शुरू
मेरठ-सहारनपुर एमएलसी सीटों के लिए मोदीपुरम में वोटों की गिनती शुरू हो गई है। भारी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है, जानें पूरा अपडेट।

मेरठ-सहारनपुर मंडल की स्नातक और शिक्षक एमएलसी सीटों के लिए मंगलवार को चुनावी रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। मोदीपुरम स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सुबह 8:00 बजे से वोटों की गिनती का काम शुरू हो गया। बता दें कि इन सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को संपन्न हुआ था और अब सबकी नजरें नतीजों पर टिकी हैं।
प्रशासन ने इस पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मतगणना केंद्र पर तीन लेयर का सुरक्षा घेरा बनाया गया है, जिसमें स्थानीय पुलिस के साथ-साथ प्रांतीय सशस्त्र बल (PAC) और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के करीब 700 जवान तैनात हैं। मेरठ के जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने खुद मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स का बारीकी से निरीक्षण किया है।
ड्रोन और सीसीटीवी की निगरानी में हो रही गिनती
चुनाव की संवेदनशीलता को देखते हुए मंडल आयुक्त और रिटर्निंग ऑफिसर एस. राजलिंगम तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने अधिकारियों को किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं। पूरी मतगणना प्रक्रिया की निगरानी सीसीटीवी कैमरों, वीडियोग्राफी टीमों और ड्रोन के जरिए की जा रही है।
गिनती के लिए दो अलग-अलग हॉल तय किए गए हैं। गांधी हॉल बिल्डिंग के हॉल-ए में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती हो रही है, जबकि हॉल-बी में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतों का मिलान किया जा रहा है। दोनों हॉल में 14-14 काउंटिंग टेबल लगाए गए हैं। फिलहाल कर्मचारी मतपत्रों को 50-50 के बंडल में व्यवस्थित कर रहे हैं। उम्मीद है कि औपचारिक गिनती दोपहर 12:00 बजे के बाद शुरू होगी। शिक्षक सीट के लिए 10 राउंड और स्नातक सीट के लिए 28 राउंड की गिनती होनी है।
हालांकि, इस गहमागहमी के बीच मुख्य गेट पर कुछ तनाव भी देखा गया। स्वतंत्र उम्मीदवार विक्रांत वशिष्ठ की पुलिसकर्मियों के साथ एंट्री प्रोटोकॉल को लेकर तीखी बहस हो गई। इसके अलावा, मतगणना केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर पाबंदी होने के कारण कुछ अन्य छोटे विवाद भी सामने आए, जिन्हें पुलिस ने मौके पर ही संभाल लिया।