मेरठ: पुलिस की गिरफ्त से फरार हुआ हिस्ट्रीशीटर जोजो एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

मेरठ पुलिस ने फरार हिस्ट्रीशीटर अरशद उर्फ जोजो को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड।

Sushant Singh3 November 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
मेरठ: पुलिस की गिरफ्त से फरार हुआ हिस्ट्रीशीटर जोजो एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

मेरठ में पुलिस की बड़ी लापरवाही के बाद एक नाटकीय मोड़ आया है। पुलिस की गिरफ्त से हथकड़ी पहनकर फरार हुए शातिर हिस्ट्रीशीटर अरशद उर्फ जोजो को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दोबारा दबोच लिया है। मेरठ पुलिस एनकाउंटर में आरोपी के उसी हाथ में गोली लगी है, जिसमें वह पहले हथकड़ी पहने हुए था।

पूरा मामला नौचंदी पुलिस स्टेशन से शुरू हुआ, जहां चोरी, लूट और जेबकतरी जैसे कई संगीन मामलों में वांछित अरशद को गैर-जमानती वारंट के आधार पर पकड़ा गया था। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस ने उसे लॉकअप में डालने के बजाय थाने के ऑफिस में रखा। इसी दौरान अरशद ने शौचालय जाने का बहाना बनाया और हथकड़ियों समेत वहां से रफूचक्कर हो गया।

मुठभेड़ में घायल हुआ शातिर अपराधी

फरार होने के करीब 15 घंटे बाद पुलिस ने अरशद की घेराबंदी नौचंदी ग्राउंड के पास की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो अरशद के हाथ में लगी। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्तौल, एक खाली खोखा और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

इस पूरी घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक अपराधी का थाने से हथकड़ी पहनकर भाग जाना बड़ी सुरक्षा चूक मानी गई है। सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) दीक्षा भौरिया ने बताया कि इस लापरवाही के लिए तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और आपराधिक मामले भी दर्ज किए गए हैं।

Share:

Comments

Leave a comment