मेरठ: दलित महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म, पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी सलमान गिरफ्तार
मेरठ में दलित महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी सलमान और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी घायल हुआ और गिरफ्तार कर लिया गया।

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दलित महिला के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपी सलमान को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। गाजियाबाद की रहने वाली पीड़ित महिला को होटल स्क्वायर में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म और मारपीट की गई थी। इस घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया है।
घटना की जानकारी देते हुए मेरठ एसएसपी बीबीटीएस मूर्ति ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी सलमान लोहिया नगर पुलिस स्टेशन के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नीचे छिपा हुआ है। इस सूचना पर सदर बाजार और लोहिया नगर पुलिस स्टेशनों की टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर ली। जैसे ही पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
मुठभेड़ के दौरान घायल हुआ आरोपी
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद घबराया हुआ सलमान सामने मौजूद एक पुल पर चढ़कर भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान वह पुल से फिसलकर नीचे गिर गया, जिससे उसके दाएं पैर और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब आरोपी सलमान गाजियाबाद की एक हिंदू लड़की को मेरठ के पॉश मार्केट इलाके में स्थित होटल स्क्वायर ले गया। आरोप है कि होटल प्रबंधन ने बिना किसी पहचान पत्र के उसे कमरा दे दिया। जब पीड़िता ने होटल से भागने की कोशिश की, तो सलमान ने उसे बाजार के बीचों-बीच पकड़ लिया और जबरन वापस होटल ले जाने लगा। शोर सुनकर वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और लड़की को सलमान के चंगुल से छुड़ाया।
हैरानी की बात यह है कि पुलिस के पहुंचने से पहले होटल के मालिक और मैनेजर ने आरोपी सलमान को वहां से भागने में मदद की। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही हिंदुत्व संगठनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुठभेड़ की मांग की थी।