मेरठ के होटल में गाजियाबाद की युवती को बंधक बनाकर शादी का दबाव, आरोपी फरार
मेरठ के एक होटल में गाजियाबाद की युवती को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर शादी का दबाव बनाया गया। पुलिस आरोपी सलमान की तलाश कर रही है।

उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गाजियाबाद की एक युवती को एक होटल में बंधक बनाकर रखा गया और उस पर शादी के लिए दबाव डाला गया। यह पूरी वारदात सदर बाजार थाना क्षेत्र के अबुलान मार्केट स्थित 'होटल स्क्वायर' में हुई। आरोप है कि कंकड़खेड़ा निवासी सलमान नाम के व्यक्ति ने युवती को जबरन होटल में कैद कर लिया था।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे सोमवार से ही चाकू की नोक पर बंधक बना रखा था। जब उसने विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे युवती किसी तरह होटल से बाहर सड़क पर पहुंची और मदद के लिए चिल्लाने लगी। लेकिन तभी सलमान ने उसे बीच सड़क पर पकड़ लिया, उसके साथ मारपीट की और उसे घसीटते हुए वापस होटल की ओर ले जाने लगा।
बीच सड़क मचा बवाल, छत के रास्ते भागा आरोपी
सड़क पर जब लोगों की भीड़ जमा होने लगी, तो आरोपी घबरा गया और युवती को छोड़कर होटल की छत के रास्ते फरार हो गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह मौके से गायब हो चुका था। पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सलमान के खिलाफ मारपीट और गलत तरीके से बंधक बनाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने होटल को सील कर दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि आरोपी युवती पर जबरन शादी और धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था। उन्होंने होटल प्रबंधन पर भी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि युवती और आरोपी एक-दूसरे को पिछले ढाई साल से जानते थे। आरोपी सलमान पहले से शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि जब युवती की शादी कहीं और तय हो गई, तो उसने सलमान से मिलना बंद कर दिया था, जिसके बाद यह विवाद शुरू हुआ। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और पुलिस अब पीड़िता के औपचारिक बयान दर्ज करने की तैयारी में है।