2027 में मायावती फिर बनेंगी यूपी की मुख्यमंत्री: बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल का दावा
बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने दावा किया है कि 2027 के चुनाव में मायावती फिर मुख्यमंत्री बनेंगी। अमेठी में कार्यकर्ताओं को दिया बड़ा मंत्र।

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की आहट अभी से सुनाई देने लगी है। अमेठी के त्रिशुंदी में आयोजित बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में बसपा एक बार फिर मजबूती से उभरेगी और मायावती के नेतृत्व में प्रदेश में सरकार बनेगी, जिससे वह दोबारा मुख्यमंत्री के पद पर आसीन होंगी।
भदर ब्लॉक के त्रिभुवन सिंह पब्लिक स्कूल में आयोजित इस सम्मेलन के दौरान राजनीतिक हलचल तेज रही। इस मौके पर भाजपा को झटका देते हुए भदर ब्लॉक प्रमुख और पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने पार्टी छोड़ बसपा का दामन थाम लिया। विश्वनाथ पाल ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाते हुए माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान जितेंद्र मिश्रा ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा और सपा दोनों की नीतियों से परेशान है, जिसका फायदा बसपा को मिलेगा।
विपक्ष और सरकार पर तीखा हमला
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विश्वनाथ पाल ने अन्य राजनीतिक दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने समाजवादी पार्टी के 'PDA' फॉर्मूले को महज एक धोखा करार दिया। पाल ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव का यह फॉर्मूला सुविधा के अनुसार बदलता रहता है और राज्यसभा चुनावों में दलितों या पिछड़ों के बजाय परिवार के सदस्यों और रसूखदारों को प्राथमिकता दी गई।
वहीं, भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राथमिक स्कूलों को बंद किया जा रहा है और शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। उन्होंने शिक्षा और नौकरियों से जुड़े पेपर लीक के मामलों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे 6 दिसंबर को बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ पहुंचकर मायावती से मुलाकात करें।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता दिनेश चंद्र ने की, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। बसपा नेताओं का मानना है कि जहां अन्य दल गठबंधनों के सहारे चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं बसपा जनता के साथ अपने गठबंधन के दम पर 2027 में सत्ता हासिल करेगी।